पोखरी में भाजपा ने शुरू की चुनाव तैयारियां
पोखरी, 4 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल पोखरी की बैठक शनिवार को नगर अध्यक्ष अमर सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू करने पर जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटना होगा। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी शक्ति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है और केंद्र व राज्य की डबल इंजन सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में भाजपा पुनः प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पार्टी जिस भी प्रत्याशी को टिकट दे, उसके समर्थन में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें।
नगर अध्यक्ष अमर सिंह रावत ने कहा कि किसी भी चुनाव में जीत का आधार मजबूत बूथ संगठन होता है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने और जनसंपर्क बढ़ाने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
राज्य महिला आयोग की सदस्य वत्सला सती ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र सिंह राणा ने संगठन विस्तार, आपसी समन्वय और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर बल देते हुए कहा कि सशक्त संगठन ही चुनावी सफलता की कुंजी है।
बैठक में ब्लॉक प्रभारी अनूप नेगी, डॉ. मातबर सिंह रावत, टी.पी. सती, रमेश चौधरी, सुनीता चमोला, नारायण सिंह नेगी, दिगंबर बर्तवाल, कालिका प्रसाद सकलानी, रामेश्वर चमोला, रजना रावत, पुष्पा पंत, पुष्पा चौधरी, कुसुम कंडारी, रघुवीर चौधरी, संतोष चौधरी, महावीर बासकड़ी, शंकर नेगी, राजेश भंडारी, प्रकाश सिंह, अनुसुइया राणा, भरत नेगी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
