Front Pageधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

बद्रीनाथ धाम के लिए शंकराचार्य की गद्दी व पवित्र डोलियां हुयी रवाना , पाण्डुकेश्वर में होगा पहला प्रवास

ज्योतिर्मठ, 21 अप्रैल (शास्त्री/कपरुवाण)। भगवान बद्रीविशाल के कपाट खुलने से पूर्व की पारंपरिक धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मंगलवार को नृसिंह मंदिर प्रांगण में पंच पूजा के उपरांत मुख्य पुजारी श्री रावल आद्य जगद्गुरु शंकराचार्य की गद्दी, गाड़ू घड़ी (तेल कलश) एवं विष्णु वाहन गरुड़ के साथ श्री बद्रीनाथ धाम के लिए प्रस्थान हुआ। मंगलवार को पवित्र डोलियों का पहला प्रवास पाण्डुकेश्वर में होगा। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर से डोलियों के प्रस्थान के शुभ अवसर पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।

भगवान बद्रीविशाल के कपाट खुलने को लेकर सनातन धर्मावलंबियों में विशेष उत्साह का वातावरण बना हुआ है। इस अवसर पर बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) द्वारा भगवान नृसिंह मंदिर को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया था। शंकराचार्य की गद्दी के प्रस्थान से पूर्व पंच पूजा सम्पन्न हुई। मुख्य पुजारी श्री रावल ने नव दुर्गा मंदिर, वासुदेव मंदिर, राजराजेश्वरी देवी मंदिर एवं मठ भंडार में पूजा-अर्चना कर यात्रा के निर्विघ्न संचालन की कामना की।

पंच पूजा के दौरान मुख्य पुजारी रावल अमरनाथ नंबूदरी, नायब रावल सूर्यराग पी. नंबूदरी, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चन्द्र उनियाल, वेदपाठी रविन्द्र भट्ट, वाणी विलास डिमरी व अमित बन्दोलिया, मंदिर अधिकारी राजेन्द्र चौहान, प्रभारी अधिकारी बद्रीनाथ गिरीश चौहान, प्रभारी अधिकारी जोशीमठ युद्धबीर पुष्पवाण, नृसिंह मंदिर प्रभारी राजेन्द्र सेमवाल, सब नोडल अधिकारी (प्रोटोकॉल) संदीप कपरुवाण, नगर पालिका अध्यक्ष देवेश्वरी शाह, देवपुजाई समिति अध्यक्ष अनिल नंबूरी, रैंकवाल पंचायत अध्यक्ष अनूप पंवार, पीठ पुरोहित पंडित हितेश सती तथा जिला शासकीय अधिवक्ता प्रकाश भण्डारी सहित हक-हकूकधारी समाज, महिला मंगल दल एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

नृसिंह मंदिर में सभी धार्मिक परंपराओं के पूर्ण होने के उपरांत सेना की गढ़वाल स्काउट्स की मधुर बैंड धुन एवं स्कूलों के घोष वादन के साथ कीर्तन-भजन करते हुए पवित्र डोलियों को बद्रीनाथ धाम के लिए विधिवत विदा किया गया।

बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ में आयोजित इस भव्य धार्मिक कार्यक्रम को उत्सव का रूप देने में सहयोग करने के लिए देवपुजाई समिति, सभी महिला मंगल दलों, शिक्षण संस्थानों, जनप्रतिनिधियों, व्यापार संघ एवं होटल एसोसिएशन का बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की ओर से आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!