क्षेत्रीय समाचार

रिखणीखाल विकास समिति आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों की मदद करेगी, मिनी स्टेडियम के लिए भी होगी पहल

 

देहरादून, 2 अगस्त ( प्रभुपाल रावत)। रिखणीखाल विकास समिति की कार्यकारिणी की बैठक रविवार को टर्नर रोड स्थित वेलमेड हॉस्पिटल के कॉन्फ्रेंस हॉल में अध्यक्ष हीरा सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में समिति की सामाजिक गतिविधियों के विस्तार, आर्थिक रूप से जरूरतमंद लोगों की सहायता, मेधावी छात्रों के सम्मान तथा क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में कोषाध्यक्ष कैप्टन दिनेश गुसाईं ने समिति की वित्तीय स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि समिति के खाते में वर्तमान में 5.10 लाख रुपये उपलब्ध हैं। उन्होंने मई 2026 में ग्राम कुमाल्डी में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों को पुरस्कार वितरण तथा जनप्रतिनिधियों के सम्मान पर हुए 13 हजार रुपये के व्यय का विवरण भी प्रस्तुत किया। कार्यकारिणी ने समिति के आय-व्यय का चार्टर्ड अकाउंटेंट से ऑडिट कराने पर भी सहमति जताई।
समिति ने ग्राम खल निवासी आर्थिक रूप से कमजोर संदीप सिंह के उपचार के लिए 10 हजार रुपये की सहायता देने का निर्णय लिया। इसके साथ ही आपदा अथवा अन्य विशेष परिस्थितियों में जरूरतमंद लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने और ऐसे कार्यों का व्यवस्थित अभिलेखन करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में तय किया गया कि समिति की ओर से आयोजित होने वाला वॉलीबॉल मैच केवल विकासखंड रिखणीखाल के मूल निवासियों के लिए होगा। आयोजन को प्रतियोगिता के बजाय आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता का माध्यम बनाया जाएगा तथा भविष्य में इसका स्पष्ट उल्लेख बैनरों पर किया जाएगा।
समिति की सभी गतिविधियों का फोटो सहित दस्तावेजीकरण करने, स्मारिका या ब्रोशर प्रकाशित करने तथा इसके लिए तीन सदस्यीय उपसमिति गठित करने का भी निर्णय लिया गया। सदस्यता अभियान को रिखणीखाल क्षेत्र से बाहर ऋषिकेश, भानियावाला और प्रेमनगर जैसे क्षेत्रों तक विस्तारित किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर ऑनलाइन पंजीकरण के लिए गूगल फॉर्म भी तैयार किया जाएगा।
कार्यकारिणी ने बोर्ड परीक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों को वार्षिकोत्सव से पहले सम्मानित करने, विभिन्न गांवों में आयोजित कार्यक्रमों के लिए आवश्यक वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराने तथा ग्राम कुमाल्डी और धामदार में मिनी स्टेडियम के लिए भूमि उपलब्ध कराने संबंधी प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभागों को भेजने का निर्णय लिया। बैठक में क्षेत्र की सड़क, बिजली और पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए भी सक्रिय प्रयास करने पर सहमति व्यक्त की गई। अंत में अध्यक्ष हीरा सिंह नेगी ने बैठक के आयोजन में सहयोग के लिए वेलमेड हॉस्पिटल के उपाध्यक्ष प्रकाश रावत तथा सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!