क्षेत्रीय समाचार

सतेन्द्र असवाल दूसरी बार जिला भेषज सहकारी संघ चमोली के अध्यक्ष  निर्वाचित

नरेन्द्र सिंह राणा बने सीमांत सहकारी संघ के अध्यक्ष


गोपेश्वर, 11 जून (महिपाल गुसाईं)। जिला भेषज सहकारी संघ के अध्यक्ष पद पर सतेन्द्र असवाल लगातार दूसरी बार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। उनके पुनर्निर्वाचन को सहकारिता क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ और पिछले कार्यकाल के सफल नेतृत्व का परिणाम माना जा रहा है। पिछले कार्यकाल में उनके कार्यों और उपलब्धियों के आधार पर उन्हें पुनः सर्वसम्मति से जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसी क्रम में सीमांत सहकारी संघ, चमोली के अध्यक्ष पद पर नरेन्द्र सिंह राणा भी निर्विरोध निर्वाचित हुए। दोनों नेताओं के निर्वाचन पर प्रदेश सरकार में दर्जाधारी मंत्री हरक सिंह रावत, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट तथा चमोली जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष गजेन्द्र रावत ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल भी मौजूद रहे। नेताओं ने सतेन्द्र असवाल को कर्मठ, लगनशील और समर्पित व्यक्तित्व बताते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जिला भेषज सहकारी संघ नई उपलब्धियां हासिल करेगा तथा अपने उद्देश्यों की प्रभावी ढंग से पूर्ति करेगा।
चुनाव प्रक्रिया के लिए डेयरी विकास विभाग के सहायक निदेशक अभिनव नौटियाल को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया था। उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के तहत चुनाव संपन्न कराया। अध्यक्ष पद के लिए केवल सतेन्द्र असवाल का ही नामांकन प्राप्त होने पर उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं संघ की उपाध्यक्ष पद पर कामनी टम्टा निर्वाचित हुईं। इस अवसर पर भेषज संघ के सचिव विवेक मिश्रा सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
निर्वाचन के बाद सतेन्द्र असवाल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए पूरी निष्ठा और क्षमता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि भेषज संघ के माध्यम से जिले के अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने का प्रयास किया जाएगा तथा पिछले कार्यकाल की अपेक्षा और बेहतर परिणाम देने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
श्री असवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, जिला संगठन तथा भेषज संघ के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मिले विश्वास और सहयोग पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!