धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

2027 में पारंपरिक रूप से निकलेगी श्री नंदादेवी राजजात

2026 में वेदनी बुग्याल में होगी सप्तमी जात

थराली, 16 जून (हरेंद्र बिष्ट)। श्री नंदादेवी राजजात की तैयारियों एवं यात्रा मार्ग पर विकास कार्यों को लेकर राजराजेश्वरी समिति बधाण की एक महत्वपूर्ण बैठक यात्रा मार्ग के अंतिम गांव वांण में आयोजित की गई। बैठक में व्यापक चर्चा के बाद वर्ष 2027 में श्री नंदादेवी राजजात यात्रा को पारंपरिक स्वरूप में आयोजित करने तथा वर्ष 2026 में वेदनी बुग्याल में सप्तमी जात आयोजित किए जाने सहित 12 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
वांण गांव स्थित भगवती मंदिर प्रांगण में ग्राम प्रधान नंदूली देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वर्ष 2026 में प्रस्तावित लोकजात यात्रा के भव्य स्वागत, यात्रा को वेदनीकुंड तक ले जाकर वापस लाने तथा वर्ष 2027 की राजजात की तैयारियों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में कुरूड़ समिति के अध्यक्ष नरेश गौड़ के प्रस्ताव का वाचन किया गया, जिसे ध्वनिमत से पारित किया गया। इसके अलावा पूर्व अध्यक्ष मंशाराम गौड़ के प्रस्ताव पर भी विस्तृत चर्चा हुई। मंदोली के प्रधान हीरा सिंह दानू एवं कुलिंग पड़ाव समिति के अध्यक्ष खुशहाल सिंह ने वर्ष 2026 की लोकजात यात्रा का समर्थन करते हुए राजजात के दौरान निर्जन पड़ावों पर ठहरने, भोजन तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता बताई।
कुलिंग स्कूल संघ के अध्यक्ष गोपाल सिंह ने भी वर्ष 2026 की लोकजात यात्रा का समर्थन करते हुए गैर-पारंपरिक यात्रा आयोजनों का विरोध करने का प्रस्ताव रखा। वांण के हीरा सिंह बुग्याली ने कहा कि कासुवा के कुंवरों द्वारा राजजात की छंतोली एवं चौसिंग्या मेढ़े को लाने की परंपरा सदियों से चली आ रही है, जिसे अक्षुण्ण बनाए रखा जाना चाहिए।
बैठक में वांण के गीतौर रघुवीर सिंह तथा लाटू देवता मंदिर समिति के अध्यक्ष कृष्णा बिष्ट ने लोकजात एवं राजजात यात्राओं के पारंपरिक स्वरूप को बनाए रखने तथा आपसी मतभेदों को संवाद के माध्यम से सुलझाने की अपील की।
बैठक में नंदादेवी राजजात समिति के सुशील रावत, पृथ्वी सिंह रावत, नंदकेसरी पड़ाव समिति के अध्यक्ष कलम सिंह बिष्ट, बच्ची राम गौड़, मनवर राम गौड़, हुक्म सिंह बिष्ट, हीरा सिंह पहाड़ी, हीरा सिंह दानू, प्रताप सिंह, जव्हार सिंह, थान सिंह तथा भगत सिंह सहित अनेक लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!