सुरक्षा

धूमधाम से मनाया गया 8 वीं वाहनी ITBP का स्थापना दिवस

गौचर, 6 मार्च (गुसाईं)। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों व खेलकूद के साथ भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल की 8 वीं वाहनी का 58 वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया।


बुधवार को वाहनी परिसर में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत वाहनी के कार्यालय अध्यक्ष अतुल कुमार थवाईत ने झंडारोहण कर किया। स्थापना दिवस कार्यक्रम में वाहनी के अधिकारियों,हिमवीरों के साथ ही बड़ी संख्या में उनके परिजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस मौके पर महिलाओं व बच्चों ने जहां शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

वहीं बच्चों की जलेबी दौड़, जवानों की बोरी दौड़, रस्साकसी के अलावा महिलाओं की म्यूजिकल चियर दौड़ आयोजित की गई। बच्चों की जलेबी दौड़ में अनिक ने प्रथम तथा निधि ने द्वितीय स्थान हासिल किया। जवानों की बोरी दौड़ में सतीश व नीरज कुमार क्रमश प्रथम द्वितीय रहे।

इसी प्रकार अधिकारियों व अधीनस्थ अधिकारियों की रस्साकसी प्रतियोगिता में अधिकारी वर्ग ने जीत हासिल की। इस अवसर पर कार्यवाहक सेनानी अतुल कुमार थवाईत ने वाहिनी के जवानों की सशस्त्र सलामी लेने के पश्चात अधिकारी गणों, बहादुर हिमवीरों जवानों हिम वीरांगनाओं को स्थापना दिवस शुभकामनाएँ देने के साथ ही वाहनी के उन शहीदों को नमन किया जिन्होंने समय समय पर राष्ट्रीय सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुती देकर इस देश की रक्षा एवं प्रगति में अपना सर्वस्व अर्पण किया है।

उन्होंने कहा कि वाहनी के हिमबीर उच्च हिमालयी क्षेत्र में विषम भौगोलिक परिस्थितियों में सीमा की चौकसी के साथ ही सामाजिक गतिविधियों में भी अपनी भागीदारी निभाते रहते हैं।उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 की केदारनाथ त्रासदी में वाहनी ने अहम भूमिका निभाकर हजारों लोगों की मदद की है।

कार्यक्रम के अन्त में मुख्य अतिथि द्वारा प्रतियोगियों में प्रतिभाग करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। केशरी चंद्र चौहान व अंदिता के संचालन में हुए इस कार्यक्रम में द्वितीय कमान अशोक सिंह नेगी, डिप्टी कमांडेंट अभिषेक नवेन्दु, असिस्टेंट कमांडेंट अजयपाल, सुनील कुमार, मोहित ममगाईं, इंजीनियर सतीश,डा देवेश चौधरी,सु मेजर कैलाश चंद्र, निरीक्षक शिक्षक ईश कुमार तिवारी पूर्व सैनिक होम बहादुर, नरेंद्र सिंह रौथाण, प्रकाश चन्द्र डिमरी, अनशूया लाल आदि कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!