चांदनीखाल में स्वच्छता सेवा पखवाड़े के तहत अभियान, ग्रामीणों ने ली शपथ
पोखरी, 18 सितम्बर (राणा). स्वच्छता सेवा पखवाड़े के अंतर्गत अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग, पोखरी रेंज की ओर से ग्राम पंचायत रडुवा की चांदनी खाल वन भूमि पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व रेंज अधिकारी बी.एल. शाह ने किया। अभियान में विभागीय कर्मचारियों के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
अभियान के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता की शपथ ली और ग्रामीणों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया। रेंज अधिकारी बी.एल. शाह ने बताया कि यह अभियान आगामी 2 अक्टूबर, गांधी जयंती तक लगातार चलाया जाएगा। इस अवधि में लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा अधिकाधिक पौधारोपण कर उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत के संकल्प को साकार करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
इस अवसर पर वन दरोगा कुवर सिंह पंवार, राजे सिंह नेगी, वन आरक्षी अमित सिंह भंडारी, उमेद सिंह, पृथ्वी सिंह, वन पंचायत सरपंच जगमोहन सिंह बर्तवाल, देवेन्द्र सिंह बर्तवाल, महिपाल सिंह, बृजेश कुमार, रोहित सिंह, मुकेश कुमार समेत अनेक वनकर्मी और ग्रामीण मौजूद रहे।
