प्रभात ध्यानी को मिलेगा विद्यासागर नौटियाल स्मृति सम्मान
देहरादून, 20 सितम्बर। वर्ष 2025 का विद्यासागर नौटियाल स्मृति सम्मान इस बार वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता और आंदोलनकारी प्रभात ध्यानी को प्रदान किया जाएगा। चयन समिति ने उनके उत्कृष्ट कार्य, समाज के प्रति समर्पण और सामाजिक मुद्दों के प्रति निरंतर सक्रियता को देखते हुए यह निर्णय लिया है।
सम्मान के लिए इस वर्ष 18 नाम चयन समिति के पास विभिन्न माध्यमों से पहुंचे थे। इन सभी नामों पर उनके सामाजिक योगदान, आंदोलनों में भूमिका और जनहित में किए गए कार्यों के आधार पर गहन चर्चा की गई। अंतिम चरण में चार नामों पर विचार हुआ और सर्वसम्मति से प्रभात ध्यानी को इस वर्ष का सम्मान देने का निर्णय लिया गया।
प्रभात ध्यानी छात्र जीवन से ही जन आंदोलनों से जुड़े रहे हैं। खनन माफिया के खिलाफ उनकी भूमिका सराहनीय रही है। वे राज्य आंदोलन, कमजोर वर्गों के हक-हकूक की लड़ाई, भूमि लूट विरोधी आंदोलनों समेत अनेक सामाजिक संघर्षों में सक्रिय रहे हैं।
सम्मान समारोह का आयोजन 29 सितम्बर 2025 को IRTD सभागार, सर्वे चौक, देहरादून में होगा। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध लोकगायक पद्मश्री प्रीतम भरतवाण मुख्य अतिथि होंगे।
