जोशीमठ में सुरक्षात्मक कार्यों की शुरुआत, 613 मीटर सुरक्षा दीवार का निर्माण शुरू
ज्योतिर्मठ, 29 सितंबर (कपरूवाण)।भू-धसाव आपदा से प्रभावित जोशीमठ नगर में आखिरकार लंबे इंतजार के बाद सुरक्षात्मक कार्यों की शुरुआत हो गई है। मारवाड़ी से विष्णुप्रयाग तक प्रस्तावित 613 मीटर लंबी सुरक्षा दीवार के निर्माण कार्य से पहले भूमि पूजन किया गया।
जनवरी 2023 में आए भू-धसाव के बाद से ही स्थानीय नागरिक लगातार सुरक्षात्मक कार्यों की मांग कर रहे थे। लगभग ढाई वर्ष बाद अब जाकर इन कार्यों की शुरुआत हो सकी है। वर्षों से उठाई जा रही मांग के अनुसार जोशीमठ नगर की तलहटी पर मारवाड़ी से ऐरा पुल तक सुरक्षा दीवार का निर्माण अब साकार होने जा रहा है।
रविवार को पंडित चंडी प्रसाद सेमवाल ने विधिविधान से भूमि पूजन कराया। इस अवसर पर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अरविन्द नेगी, सहायक अभियंता मनोज असवाल, कनिष्ठ अभियंता संजय पुरोहित और अनिल कुमार उपस्थित रहे। कार्यदायी संस्था अरुण कंस्ट्रक्शन कंपनी के इंजीनियर व साइट इंचार्ज भी मौके पर मौजूद थे।
सहायक अभियंता मनोज असवाल ने बताया कि प्रथम चरण में 613.48 मीटर दीवार और स्लाइड ट्रीटमेंट का कार्य किया जाएगा, जिसके लिए 100 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। वहीं, द्वितीय चरण में सुरक्षा दीवार का विस्तार करने की भी योजना है
