उत्तराखण्ड पुलिस के आईपीएस लोकेश्वर सिंह का संयुक्त राष्ट्र से सम्बद्ध संगठन में चयन
शांति स्थापना, संस्थागत अखंडता और सतत विकास के क्षेत्र में देंगे योगदान
पौड़ी, 5 अक्टूबर (शिवाली)। उत्तराखण्ड कैडर के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी लोकेश्वर सिंह, जो वर्तमान में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पौड़ी के पद पर कार्यरत हैं, का चयन संयुक्त राष्ट्र (यूएन) से सम्बद्ध एक अंतरराष्ट्रीय संगठन में हुआ है। यह चयन एक कठिन और प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के माध्यम से किया गया, जिसमें विश्वभर के अधिकारी भाग लेते हैं।
2014 बैच के आईपीएस अधिकारी लोकेश्वर सिंह ने पिछले 11 वर्षों में उत्तराखण्ड पुलिस में विभिन्न जिम्मेदार पदों पर कार्य करते हुए राज्य में कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा को सुदृढ़ करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उन्होंने हरिद्वार, देहरादून, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में अपनी कुशल नेतृत्व क्षमता और व्यावसायिक दक्षता से पहचान बनाई है। वर्तमान में वे पौड़ी जिले में पुलिस व्यवस्था का नेतृत्व कर रहे हैं।
उनका चयन न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि भारत और उत्तराखण्ड दोनों के लिए गर्व का विषय है। इस नियुक्ति से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिनिधिक उपस्थिति और प्रभाव को भी सशक्तता मिलेगी।
लोकेश्वर सिंह अपनी नई भूमिका में संस्थागत अखंडता, शांति स्थापना और सतत विकास जैसे वैश्विक उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे। वे शीघ्र ही पुलिस मुख्यालय और राज्य सरकार से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त कर उत्तराखण्ड कैडर से कार्यमुक्त होकर इस अंतरराष्ट्रीय संगठन में अपनी नई जिम्मेदारी का दायित्व संभालेंगे।
