थराली क्षेत्र से दो नाबालिग लड़कियाँ लापता, पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर शुरू की तलाश
-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 10 दिसंबर। विकास खंड थराली के लोल्टी और सेरा विजयपुर गांव से दो नाबालिग लड़कियाँ लापता हो गई हैं। परिजनों की तहरीर पर थाना थराली पुलिस ने दोनों मामलों में गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी है।
पहला मामला : लोल्टी गांव की नाबालिग लापता
लोल्टी गांव की एक नाबालिग लड़की कॉलेज जाते समय अचानक लापता हो गई। परिजनों ने तहरीर में बताया कि किशोरी को घटना के दिन जोशीमठ क्षेत्र के एक युवक के साथ देखा गया था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उक्त युवक उसे बहला–फुसलाकर ले गया हो सकता है।
जानकारी के मुताबिक, 4 दिसंबर को किशोरी घर से कॉलेज के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने सहेलियों और रिश्तेदारों से संपर्क कर खोजबीन शुरू की। किशोरी की एक सहेली ने बताया कि उसने जोशीमठ के युवक को लड़की के साथ देखा था। इसी आधार पर परिजनों ने पुलिस में युवक पर किशोरी को गुमराह कर ले जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरा मामला : सेरा विजयपुर की छात्रा गायब
दूसरी घटना सेरा विजयपुर गांव की है, जहाँ एक नाबालिग छात्रा स्कूल के लिए निकली लेकिन न तो स्कूल पहुँची और न ही घर लौटी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
छात्रा की बहन ने पुलिस को बताया कि दोनों बहनें साथ में स्कूल के लिए चली थीं। रास्ते में उसकी बहन घर से भागने की बात कह रही थी, पर उसे यह मजाक लगा। कुछ दूरी चलने के बाद छोटी बहन अचानक पीछे रह गई और फिर रास्ते से ही लापता हो गई।
थराली पुलिस ने दोनों मामलों में जानकारी जुटाकर खोजबीन तेज कर दी है। पुलिस टीम लगातार परिजनों, स्थानीय ग्रामीणों और संभावित स्थानों की जांच कर दोनों नाबालिग लड़कियों की तलाश में लगी हुई है।
