अनु जा/ जनजाति शिक्षक एसोसिएशन के अध्यक्ष बने जगदीश राठी, सुरेश चंद्र महामंत्री

गौचर, 16 दिसंबर (गुसाईं)। गौचर में दो दिनों तक चले अनुसूचित जाति–जनजाति शिक्षक एसोसिएशन के अधिवेशन एवं चुनाव प्रक्रिया का समापन हो गया। चुनाव में पौड़ी जनपद के जगदीश राठी को अध्यक्ष तथा सुरेश चंद्र को महामंत्री निर्वाचित किया गया।
अधिवेशन के प्रथम सत्र में प्रदेशभर से आए शिक्षकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की तथा उनके समाधान के लिए सुझाव प्रस्तुत किए। द्वितीय सत्र में पदाधिकारियों के चुनाव संपन्न हुए, जिसमें सभी पदों पर कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में जगदीश राठी ने 556 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी रघुबीर सिंह तोमर को 488 मत मिले। वहीं अनूप कुमार को 395, प्रकाश कोहली को 138 तथा सुरेंद्र वासकोटी को 91 मत प्राप्त हुए।
महामंत्री पद के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में थे। इसमें सुरेश चंद्र ने 474 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वियों में आई.पी. ह्यूमन को 365, रमेश गराकोटी को 332, आर.एल. आर्य को 279 तथा मान सिंह को 53 मत मिले।
उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भुवनेश्वरी चंदानी ने 761 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। उनके प्रतिद्वंद्वी राकेश टम्टा को 458, प्रकाश कोहली को 138 तथा उम्मेद वैरवाण को 91 मत प्राप्त हुए।
कोषाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में महेंद्र सैलानी ने 902 मत प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी भुवनचंद को 385, हरीश धीमन को 349 तथा राकेश रोधियाल को 264 मतों से संतोष करना पड़ा।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने, शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने और सामाजिक न्याय के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
