खेल/मनोरंजन

लोकसंस्कृति और विकास का संगम बना पैनखंडा महोत्सव, औली रोपवे पर जल्द काम

ज्योतिर्मठ, 16 दिसंबर (कपरुवाण)। पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी ने कहा कि पैनखंडा जोशीमठ के सभी लोगों द्वारा मिल-जुलकर भगवान बद्रीविशाल के द्वार ज्योतिर्मठ में पैनखंडा महोत्सव की शुरुआत करना सराहनीय पहल है। उन्होंने गांव–गांव से पहुंची महिला मंगल दलों एवं महिला समूहों द्वारा प्रस्तुत लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मंगलवार को रविग्राम खेल मैदान में आयोजित पैनखंडा महोत्सव को संबोधित करते हुए श्री भंडारी ने कहा कि जोशीमठ के साथ-साथ औली का नाम भी विश्व पटल पर प्रसिद्ध है। औली को जोड़ने वाली रोपवे की न केवल शीघ्र मरम्मत की जाएगी, बल्कि इसका विस्तार भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दिशा में कार्य प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि रविग्राम खेल मैदान तक पहुंच मार्ग उनके विधायक कार्यकाल में ही प्रशस्त किया गया था और अब गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनिल बलूनी ने अपनी घोषणा के अनुरूप इसके लिए पर्याप्त धनराशि भी स्वीकृत करा दी है। पैनखंडा जोशीमठ की लंबे समय से चली आ रही खेल मैदान की मांग पूरी होने पर उन्होंने संपूर्ण पैनखंडा क्षेत्र की जनता की ओर से सांसद अनिल बलूनी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर श्री भंडारी ने थैंग की चिनाप घाटी को ‘ट्रैक ऑफ द ईयर’ घोषित किए जाने, टिम्मरसैंण महादेव–नीति मार्ग को बारहों महीने यात्रा योग्य बनाए जाने की योजना, स्वीकृत तपोवन–ग्वालदम मोटर मार्ग को बीआरओ को हस्तांतरित किए जाने की घोषणा सहित अनेक विकास योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने पैनखंडा जोशीमठ को ओबीसी का दर्जा मिलने से क्षेत्र को हो रहे लाभों का जिक्र करते हुए कहा कि गढ़वाल सांसद के आग्रह पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पैनखंडा जोशीमठ को केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल करने का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजने का आश्वासन दिया है।

पूर्व मंत्री ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रारंभ की गई ढाक पॉलिटेक्निक, गोपेश्वर इंजीनियरिंग कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने पैनखंडा महोत्सव में आमंत्रण के लिए आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। इससे पूर्व उन्होंने रविग्राम खेल मैदान में सांसद खेल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष देवेश्वरी साह, ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी, सभासद प्रवेश डिमरी, भाजपा नगर अध्यक्ष अमित सती, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गुड्डूलाल, जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष विजिया रावत, पूर्व पालिकाध्यक्ष शैलेंद्र पंवार एवं रोहिणी रावत, पूर्व प्रमुख ठाकुर सिंह राणा, बीकेटीसी के पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार, भगवती प्रसाद नंबूरी, सुभाष डिमरी, संदीप नौटियाल, मुकेश कुमार, श्रीराम डिमरी, जगदीश सती, मुकेश डिमरी, नगर महामंत्री अंशुल भुजवाण एवं समीर डिमरी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!