सिमली–देवार सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का लोनिवि थराली में ज्ञापन
-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 3 फरवरी। विकास खंड नारायणबगड़ के अंतर्गत सिमली से देवार गांव तक मोटर सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों के एक शिष्टमंडल ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) थराली के अधिशासी अभियंता से उनके कार्यालय में भेंट की। इस दौरान ग्रामीणों ने स्वीकृत सड़क पर तत्काल सर्वे कराकर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। ग्रामीणों ने इस संबंध में अधिशासी अभियंता को एक ज्ञापन भी सौंपा।
मंगलवार को सिमली एवं देवार गांव के ग्रामीणों के शिष्टमंडल ने लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र को बताया कि वर्ष 2021 में सरकार द्वारा देवार गांव के लिए लगभग तीन किलोमीटर मोटर सड़क निर्माण की स्वीकृति दी गई थी। उन्होंने बताया कि नागाड गधेरे से देवार गांव तक स्वीकृत सड़क के लिए लोनिवि द्वारा पूर्व में सर्वे भी किया जा चुका है, लेकिन सर्वे को लगभग पांच वर्ष बीत जाने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने कहा कि देवार गांव स्वतंत्रता संग्राम सेनानी फते सिंह बुटोला का गांव है, इसके बावजूद आज भी यह गांव सड़क सुविधा से वंचित है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण कई बार लोनिवि थराली कार्यालय के चक्कर काट चुके हैं। इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लेकर मुख्यमंत्री तक को अनेक बार ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है।
इस पर लोनिवि के अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सड़क निर्माण कार्य शुरू करने के लिए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं सहायक अभियंता बबिता आर्या ने सड़क से संबंधित आवश्यक जानकारी देते हुए बताया कि जल्द ही राजस्व विभाग के साथ संयुक्त निरीक्षण कर आगे की कार्यवाही शुरू की जाएगी।
शिष्टमंडल में सिमली की ग्राम प्रधान संजू देवी सहित सुमन देवी, कलावती देवी, रिंकी देवी, मुन्नी देवी, सुशील देवी, गीता देवी, हरेंद्र रावत, महावीर सिंह समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
