जन-जन के द्वार शिविर में 59 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर समाधान
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण पर लोनिवि के कार्यों की सराहना की
पोखरी, 11 फरवरी (राणा)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत विकास खंड पोखरी के अटल उत्कृष्ट विद्यालय, राजकीय इंटर कॉलेज रडुवा–चांदनीखाल में मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, कृषि, समाज कल्याण, खाद्यान्न सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 59 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
शिविर के दौरान रडुवा एवं काण्ड-ए-चन्द्रशिला क्षेत्र के ग्रामीणों ने अपनी ग्राम सभाओं तक सड़क पहुंचने पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार, सहायक अभियंता मोहम्मद तस्दीक अहमद तथा विभागीय टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

शिकायत दर्ज कराने वालों में थालावैड वार्ड से जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र सिंह राणा ने रौता सेरा–मालकोटी सड़क निर्माण न होने का मुद्दा उठाया। विधायक प्रतिनिधि धीरेंद्र राणा ने पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण नौली धोती धार सड़क के निर्माण की मांग रखी। ओमप्रकाश चमोला ने स्वयं को वर्ष 2009 का दिव्यांग अभ्यर्थी बताते हुए शिक्षा विभाग से संबंधित प्रकरण में न्याय की मांग की।
किमोठा ग्राम पंचायत के प्रधान बाल ब्रह्मचारी हरिकृष्ण किमोठी ने आवारा पशुओं के लिए गौशाला निर्माण, मोहनखाल–चोपता–तुंगनाथ सड़क के शीघ्र निर्माण तथा जौरासी–तोणजी मोटर मार्ग से जुड़े प्रकरण की जांच की मांग रखी। सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश रडवाल ने चांदनीखाल बाजार में अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने का अनुरोध किया। मयाणी निवासी फते सिंह कंडारी ने पोखरी–मयाणी सीमा पर अतिक्रमण से संबंधित जांच की मांग की।
काण्ड-ए-चन्द्रशिला के प्रधान भगत सिंह भंडारी ने पैदल मार्ग के सुधारीकरण और जल जीवन मिशन के द्वितीय चरण के अंतर्गत पेयजल समस्या के समाधान की मांग उठाई। एडवोकेट विनोद लाल ने पोखरी–हापला–गोपेश्वर मोटर मार्ग के डामरीकरण तथा एडवोकेट राधारानी रावत ने डाडो और देवनगर–चन्द्रनगर को सड़क से जोड़ने की मांग रखी। तोणजी की प्रधान राजेश्वरी देवी ने जूनियर हाईस्कूल भवन के पुनर्निर्माण तथा मसोली की प्रधान दिव्या भारती ने पेयजल समस्या का मुद्दा रखा।
शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व, कृषि, शिक्षा, पेयजल, विद्युत, पशुपालन, आयुष, बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों द्वारा योजनाओं की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रामचंद्र गौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, उपजिलाधिकारी अबरार अहमद, पीडी आनंद सिंह भाकुनी, डीपीआरओ रमेश चंद्र त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता राजकुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
