धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

महाशिवरात्रि पर पोखरी क्षेत्र के शिवालयों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

चमोली जिले के प्राचीन शिव मंदिरों में से एक है सांकरी स्थित बामनाथ मंदिर

पोखरी, 15 फरवरी (राणा)। क्षेत्र में महाशिवरात्रि का पावन पर्व श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर वामनाथ सहित प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और दिनभर जलाभिषेक व पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा।


बामेश्वर, रैसू, बीणेश्वर, बसुकेदार, पुष्केश्वर, सलना, महड़ सहित क्षेत्र के सभी शिव मंदिरों में तड़के से ही भक्त जलाभिषेक के लिए पहुंचने लगे थे। श्रद्धालुओं ने व्रत और अनुष्ठान रखते हुए भगवान शिव के दर्शन किए तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जल, दूध, पुष्प और बेलपत्र अर्पित किए। भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना करते हुए मनौतियां मांगीं।

दिनभर मंदिरों में भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहा। “हर हर महादेव” और “बम बम भोले” के जयकारों से शिवालय गूंज उठे। कई मंदिरों में विशेष पूजा, रुद्राभिषेक और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

महाशिवरात्रि के अवसर पर पोखरी बाजार सहित आसपास के छोटे बाजारों में भी चहल-पहल देखने को मिली। पूजा सामग्री, फल-फूल और मिठाइयों की जमकर खरीदारी हुई। स्थानीय उत्पादों जैसे दैणू और पिनालू की अच्छी बिक्री से बाजारों में रौनक बनी रही।

पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष देवेंद्र पंत के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन और मंदिर समितियों द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों के चलते पूजा-अर्चना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!