Front Page

अमित शाह 7 मार्च को आएंगे हरिद्वार

केंद्रीय गृह मंत्री के हरिद्वार दौरे की तैयारियों की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा

देहरादून, 2 मार्च। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में 7 मार्च को प्रस्तावित केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हरिद्वार भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सुरक्षा, यातायात, जनसुविधाओं और विभागीय समन्वय से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियाँ समयबद्ध, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से पूरी की जाएँ। उन्होंने कहा कि हरिद्वार धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण नगरी है, इसलिए कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने, यातायात प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने और पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और प्रत्येक व्यवस्था की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया।
बैठक में गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल तथा अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अब तक की तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम की प्रत्येक व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए, ताकि केंद्रीय गृह मंत्री का हरिद्वार दौरा सफल एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!