क्षेत्रीय समाचार

होली पर शांति और सतर्कता का संदेश: सिनाऊ तल्ला-मल्ला में पुलिस-ग्रामीण बैठक


पोखरी, 2 मार्च (राणा)। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से ग्राम सभा सिनाऊ तल्ला-मल्ला में पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर थानाध्यक्ष पोखरी देवेंद्र कुमार पंत की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंत ने ग्रामीणों से अपील की कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार का अनावश्यक हुड़दंग या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर तुरंत पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया गया, ताकि समय रहते आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। थानाध्यक्ष ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। यदि साइबर ठगी की कोई घटना घटित होती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
बैठक में युवाओं और बच्चों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर भी चिंता व्यक्त की गई। अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करें। साथ ही थानाक्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया।
बैठक में ग्राम प्रधान संतोषी देवी, ऊमा देवी, प्रेमा देवी, चंदन सिंह, विनोद सिंह, पुष्कर सिंह, संगीता देवी, माया देवी, पुष्पा देवी, सुमित्रा देवी, कलावती देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पुलिस विभाग की ओर से एसआई रुकम सिंह नेगी, एसआई दलवीर सिंह नेगी, एसआई देवेंद्र सिंह और हेड कांस्टेबल भरत सिंह टोलिया भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!