Front Page

नियोजन विभाग की संस्तुति के बाद मुख्यमंत्री ने बहु-क्षेत्रीय परियोजनाओं को दी मंजूरी

 

देहरादून, 28 मार्च। उत्तराखंड सरकार ने राज्य के समग्र विकास को नई दिशा देते हुए पर्यटन, परिवहन, पंचायती राज और खेल अवसंरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इन निर्णयों से राज्य में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
हरिद्वार गंगा कॉरिडोर को मिलेगी रफ्तार
‘नॉर्थ हर-की-पौड़ी डेवलपमेंट वर्क्स’ के अंतर्गत ₹66.34 करोड़ की परियोजना को व्यय वित्त समिति ने मंजूरी दी है। यह परियोजना भारत सरकार की SASCI योजना के तहत स्वीकृत है। प्रथम चरण में ₹10 करोड़ की धनराशि जारी करने का प्रस्ताव भेजा गया है, जिससे हर-की-पौड़ी क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
चारधाम यात्रा के लिए आधुनिक निगरानी केंद्र
राजधानी देहरादून में ‘चारधाम मॉनिटरिंग एंड इंसिडेंट रिस्पॉन्स सेंटर’ की स्थापना को स्वीकृति दी गई है। ₹357.84 लाख की लागत से बनने वाला यह केंद्र यात्रियों की सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और आपदा प्रतिक्रिया को मजबूत करेगा। इस परियोजना का क्रियान्वयन उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम द्वारा किया जाएगा।
पंचायती राज संस्थाओं को ₹133.68 करोड़ की पहली किस्त जारी
वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 15वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुसार ₹133.68 करोड़ की ‘टाइड ग्रांट’ जारी की गई है।
ग्राम पंचायतों को 75%
क्षेत्र पंचायतों को 10%
जिला पंचायतों को 15% राशि आवंटित की गई है।
यह धनराशि पेयजल, स्वच्छता, वर्षा जल संचयन और ODF स्थिति बनाए रखने जैसे कार्यों में खर्च की जाएगी। सभी भुगतान IFMS प्रणाली के माध्यम से 10 कार्यदिवसों के भीतर सुनिश्चित किए जाएंगे।
खेल अवसंरचना को मिलेगा नया आयाम
SASCI योजना के तहत राज्य में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए भी महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है।
हल्द्वानी में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को ‘खेल विश्वविद्यालय’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसकी कुल लागत ₹3636.50 लाख निर्धारित की गई है (अकादमिक व छात्रावास सुविधाओं सहित)।
चंपावत में ‘श्री गोलू देवता कॉरिडोर (जोन-ए)’ के प्रथम चरण के लिए ₹117.22 करोड़ की परियोजना को स्वीकृति दी गई है।
इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से राज्य में पर्यटन, ग्रामीण विकास और खेल गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!