Front Pageआपदा/दुर्घटना

गंगोत्री राजमार्ग पर इनोवा कार नदी में गिरी, चार लोगों के शव बरामद

 

 

उत्तरकाशी, 5 नवंबर। उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के समीप डबरानी की ओर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर सड़क से सीधे नदी में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। बचाव दलों ने अब तक नदी किनारे से चार लोगों के शव बरामद किए हैं। वाहन में अन्य लोगों के सवार होने की आशंका को देखते हुए नदी में खोजबीन जारी है।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर स्थानीय पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव दलों ने नदी किनारे तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान चार लोगों के शव बरामद किए गए। नदी के तेज बहाव और दुर्गम परिस्थितियों के कारण खोज एवं बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। जल पुलिस और गोताखोरों की सहायता से अन्य संभावित यात्रियों की तलाश की जा रही है।

 

 

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य पूरे बचाव अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने और सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। जिला आपदा प्रबंधन केंद्र तथा चिकित्सा दलों को भी सतर्क रखा गया है, ताकि किसी जीवित व्यक्ति के मिलने पर उसे तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

प्रशासन दुर्घटना में प्रभावित लोगों की पहचान करने और उनके परिजनों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास कर रहा है। फिलहाल वाहन में सवार लोगों की कुल संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। बचाव अभियान जारी रहने के कारण मृतकों और अन्य संभावित यात्रियों के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!