Front Page

सीएम हेल्पलाइन-1905: लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष अभियान के निर्देश

 देहरादून, 17 अप्रैल ।  मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन-1905 पर 30 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों को फोर्स क्लोज करने की कार्रवाई जिलाधिकारी, विभागाध्यक्ष या संबंधित सचिव की संस्तुति के बिना किसी भी स्तर पर न की जाए। सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बिना पर्याप्त कार्रवाई के किसी शिकायत को फोर्स क्लोज करना गंभीर लापरवाही मानी जाएगी और संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन-1905 केवल एक दूरभाष सेवा नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के विश्वास और अपेक्षाओं का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रत्येक शिकायत का समाधान शिकायतकर्ता की पूर्ण संतुष्टि तक सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने शासन के अधिकारियों, विभागाध्यक्षों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा कर त्वरित समाधान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों को मुख्यमंत्री कार्यालय में प्राप्त प्रत्यक्ष शिकायतों की तरह ही गंभीरता से लिया जाए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिलाधिकारी स्तर पर साप्ताहिक तथा विभागीय सचिव स्तर पर माह में कम से कम दो बार समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएं। उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन की वास्तविक सफलता तभी है, जब शिकायतकर्ता को समयबद्ध और प्रभावी समाधान का अनुभव हो। इसके लिए अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर फीडबैक लेने और उच्च स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जानकारी दी गई कि शिकायतों के प्रभावी प्रबंधन के लिए एआई आधारित डेटा विश्लेषण प्रणाली का उपयोग किया जा रहा है, जिससे शिकायतों का पूर्वानुमान, हॉटस्पॉट की पहचान और प्राथमिकता के आधार पर समाधान संभव हो पा रहा है। मौसमी रुझानों के आधार पर शिकायतों के त्वरित निस्तारण में भी यह प्रणाली सहायक सिद्ध हो रही है। ग्रीष्मकाल में पेयजल, ऊर्जा, शहरी विकास और गृह विभाग से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आई हैं, जिनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया गया।

जिलावार विश्लेषण में देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में सर्वाधिक शिकायतें दर्ज हुईं, जबकि उत्तरकाशी और चम्पावत बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकतम शिकायतों का निस्तारण करने वाले अधिकारियों से संवाद कर उनके प्रयासों की सराहना की। इस क्रम में ऊर्जा विभाग, उत्तरकाशी के अधिशासी अभियंता मनोज गुसाई और पौड़ी के अधिशासी अभियंता अभिनव रावत के कार्यों को प्रेरणादायक बताया गया।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कुछ शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत भी की। देहरादून की बीना ढींगरा की पेंशन संबंधी समस्या पर उन्होंने दो दिन के भीतर समाधान के निर्देश दिए। हरिद्वार के तरुण सिंह की जल निकासी समस्या पर संबंधित जिलाधिकारी को तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं, देहरादून के सुरेंद्र कुमार नागपाल ने स्ट्रीट लाइट की शिकायत का शीघ्र समाधान होने पर संतोष व्यक्त किया।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारी एवं सभी जनपदों के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!