औचक निरीक्षण में सीईओ ने बालिका शिक्षा, नवाचार और पठन संस्कृति पर दिया जोर
गौचर, 24 अप्रैल (गुसाईं)। मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली आकाश सारस्वत ने शुक्रवार को पीएमश्री बाइका, गौचर का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने बालिकाओं को स्वामी दयानंद सरस्वती के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने प्रार्थना सभा में प्रतिभाग करने के बाद बालिकाओं को आत्म-सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए स्वयं तथा समाज को प्रेरित करने का संदेश दिया। उन्होंने स्वामी दयानंद सरस्वती के जीवन से प्रेरणा लेने, सदाचार का पालन करने, कर्म को सर्वोपरि मानने तथा राष्ट्रहित को सर्वोच्च रखने की सीख भी दी।
इसके उपरांत मुख्य शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षक डायरी, शिक्षक उपस्थिति पंजिका, छात्र उपस्थिति पंजिका, प्रधानमंत्री पोषाहार योजना पंजिका तथा अतिरिक्त पोषण से संबंधित विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षक-शिक्षिकाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों को शिक्षण कार्य में नवाचार अपनाने पर विशेष बल देते हुए नियमित पठन-पाठन की आदत विकसित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय पुस्तकालय से प्रत्येक शिक्षक प्रति सप्ताह अनिवार्य रूप से एक पुस्तक निर्गत करेंगे तथा एक सप्ताह के भीतर उसे पढ़कर उसकी संक्षिप्त आख्या प्रस्तुत करेंगे।
इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय में बहुभाषी प्रार्थना सभा आयोजित करने, दीवार पत्रिका का निर्माण करने, किचन गार्डन विकसित करने, पुस्तकालय को सशक्त बनाने, विद्यार्थियों में पढ़ने की संस्कृति विकसित करने तथा सामूहिक जन्मोत्सव मनाने जैसी गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के वरिष्ठ संकाय सदस्य बच्चन लाल जितेला एवं सुमन भट्ट भी उपस्थित रहे।
