शिक्षा/साहित्य

एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में सत्र 2026–27 के लिए यूईटी की अधिसूचना जारी

श्रीनगर (गढ़वाल), 24 अप्रैल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (यूईटी) की अधिसूचना जारी कर दी है। इस परीक्षा के माध्यम से विश्वविद्यालय अपने तीनों परिसरों तथा 50 से अधिक संबद्ध महाविद्यालयों/संस्थानों में संचालित बी.एड., एम.एड., बी.पी.एड., एम.पी.एड., बी.लिब., एम.लिब., एल.एल.बी. सहित विभिन्न स्नातकोत्तर डिग्री एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश देगा।

विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित लगभग 14 स्कूलों में कला, विज्ञान, वाणिज्य, प्रबंधन, इंजीनियरिंग, जीवन विज्ञान, पृथ्वी विज्ञान, शिक्षा, विधि एवं सामाजिक विज्ञान जैसे विविध क्षेत्रों के अनेक पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। इन सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश यूईटी के माध्यम से किया जाएगा।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों के अनुरूप विश्वविद्यालय ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आगामी सत्र से अपने परिसरों में एक वर्षीय स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम भी प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। इन पाठ्यक्रमों में वही अभ्यर्थी पात्र होंगे, जिन्होंने चार वर्षीय स्नातक (ऑनर्स/ऑनर्स विद रिसर्च) कार्यक्रम पूर्ण किया हो। यह व्यवस्था उच्च शिक्षा को अधिक लचीला और शोध-उन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. वाई.पी. रैवानी द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार एम.ए., एम.एससी., एम.कॉम., एम.सी.ए., एम.टेक., एम.फार्मा, एमएसडब्ल्यू, एलएलबी, एलएलएम, बी.एड., एम.एड., बी.पी.एड., एम.पी.एड., बी.लिब., एम.लिब. एवं पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु 27 अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 20 मई 2026 निर्धारित की गई है।

प्रवेश परीक्षा पूरी तरह बहुविकल्पीय प्रश्न (एमसीक्यू) आधारित होगी। अधिकांश पाठ्यक्रमों के लिए 100 प्रश्न निर्धारित किए गए हैं, जबकि बी.एड. कार्यक्रम के लिए 200 प्रश्न होंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा तथा परीक्षा में कोई नकारात्मक अंकन नहीं होगा। परीक्षा की अवधि सामान्यतः 2 घंटे तथा बी.एड. के लिए 3 घंटे निर्धारित की गई है।

प्रवेश परीक्षा समन्वयक डॉ. प्रीतम सिंह नेगी के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन होगी, जो समर्थ पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएगी। अभ्यर्थी https://hnbguadmission.samarth.edu.in/ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। सामान्य वर्ग के लिए आवेदन शुल्क ₹1000 तथा आरक्षित वर्ग के लिए ₹500 निर्धारित किया गया है। एक अभ्यर्थी अधिकतम तीन पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकता है।

प्रवेश परीक्षा के केंद्र श्रीनगर (गढ़वाल), टिहरी, पौड़ी, देहरादून, ऋषिकेश और रुड़की में स्थापित किए जाएंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण होना किसी पाठ्यक्रम में प्रवेश की गारंटी नहीं है। अंतिम चयन मेरिट, सीटों की उपलब्धता तथा अन्य पात्रता शर्तों के आधार पर किया जाएगा।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन से पूर्व विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध सूचना विवरणिका को ध्यानपूर्वक पढ़ें और सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!