विधायक अरविन्द पांडे के कथित पत्र को लेकर सियासी भूचाल, कांग्रेस ने की निष्पक्ष जांच की मांग
देहरादून, 1 मई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शुक्रवार को प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एक कथित पत्र के वायरल होने के मुद्दे को उठाते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वे पिछले तीन दिनों से राज्यपाल से मिलने का समय मांग रहे हैं, ताकि विषय से अवगत कराया जा सके।
गोदियाल ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक पत्र प्रसारित हो रहा है, जिसे अरविंद पांडेय के नाम से जोड़ा जा रहा है। उनके अनुसार, पत्र में कुछ गंभीर आरोपों का उल्लेख है, जिनकी सत्यता की पुष्टि होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि यह पत्र वास्तविक है, तो इसकी जांच न्यायिक निगरानी में कराई जानी चाहिए, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके और जनविश्वास बना रहे।
प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि पत्र में कथित रूप से राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से संबंधित कुछ आरोपों का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। गोदियाल ने कहा कि इस प्रकार के मामलों में तथ्यों का निष्पक्ष परीक्षण आवश्यक है।
उन्होंने यह भी कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा उठाए गए सवालों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और यदि कोई विवाद या भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है, तो उसे जांच के माध्यम से स्पष्ट किया जाना चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि इससे जनता के बीच विश्वास कायम रखने में मदद मिलेगी।
इस दौरान प्रेस वार्ता में लखपत सिंह बुटोला, ज्योति रौतेला, डॉ. प्रतिमा सिंह, अभिनव थापर, मंजू त्रिपाठी और अमरेंद्र बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद
