जनगणना कार्यों की समीक्षा, समय से पहले हाउस लिस्टिंग पूरी करने के निर्देश
श्रीनगर, 8 मई। उत्तराखंड शासन के संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के सचिव दीपक कुमार ने चमोली जनपद के प्रस्तावित भ्रमण से पूर्व श्रीनगर में जनगणना के हाउस लिस्टिंग कार्यों की समीक्षा की। यह बैठक गढ़वाल मंडल विकास निगम परिसर में आयोजित की गई, जिसमें तहसील श्रीनगर एवं नगर निगम श्रीनगर के चार्ज जनगणना अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सचिव ने जनगणना से जुड़े कार्यों की प्रगति, व्यवस्थाओं और जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संपादित किया जाए। उन्होंने कहा कि सही जनगणना आंकड़े सरकार की योजनाओं, संसाधनों के वितरण और विकास कार्यों की आधारशिला होते हैं, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि हाउस लिस्टिंग से संबंधित लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा शेष कार्य भी निर्धारित समय सीमा से पहले पूरा कर लिया जाएगा। सचिव ने अधिकारियों को फील्ड स्तर पर समन्वय बनाए रखने और तकनीकी व प्रशासनिक बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान राज्य की द्वितीय राजभाषा संस्कृत के प्रचार-प्रसार की भी समीक्षा की गई। सचिव ने निर्देश दिए कि नगर निगम और तहसील परिसर के मुख्य कार्यालयों के बोर्डों के साथ-साथ अधिकारियों एवं विभिन्न कक्षों की नाम पट्टिकाएं भी संस्कृत भाषा में लिखी जाएं, ताकि संस्कृत के संरक्षण और व्यवहारिक उपयोग को बढ़ावा मिल सके।
गौरतलब है कि जनगणना प्रक्रिया में हाउस लिस्टिंग चरण के तहत प्रत्येक भवन, परिवार और आवासीय इकाई का विवरण दर्ज किया जाता है। इसके आधार पर आगे की जनसंख्या गणना और सामाजिक-आर्थिक आंकड़ों का संकलन किया जाता है। इस कार्य को प्रशासनिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
