औली में सैनिक सम्मेलन में शामिल हुए राज्यपाल, जवानों के साहस और सेवाभाव की सराहना

औली/ज्योतिर्मठ, 9 मई (कपरुवाण)। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने शुक्रवार को चमोली जनपद के औली में आयोजित सैनिक सम्मेलन में प्रतिभाग किया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को सम्मानित किया।
सैनिक सम्मेलन में राज्यपाल ने भारतीय सेना की 7वीं बटालियन असम रेजिमेंट “औली बटालियन” एवं आईटीबीपी के माउंटेनियरिंग एवं स्कीइंग संस्थान (एम एंड एसआई) के जवानों को संबोधित करते हुए उनके साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना और आईटीबीपी के जवान विषम परिस्थितियों में भी देश की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं, जिस पर पूरे देश को गर्व है।
राज्यपाल ने 7वीं बटालियन असम रेजिमेंट के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए ‘ऑपरेशन पवन’ सहित विभिन्न अभियानों में जवानों द्वारा प्रदर्शित वीरता को याद किया। उन्होंने मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में माणा सब-सेक्टर में “ऑपरेशन स्नो लेपर्ड” के अंतर्गत सीमा सुरक्षा का दायित्व निभा रहे जवान कठिन हिमालयी परिस्थितियों में अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दे रहे हैं।
राज्यपाल ने कहा कि सेना और सुरक्षा बल केवल सीमाओं के प्रहरी ही नहीं हैं, बल्कि मानवता की सेवा के भी उत्कृष्ट उदाहरण हैं। उन्होंने आईटीबीपी के माउंटेनियरिंग एवं स्कीइंग संस्थान, औली की उपलब्धियों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वर्ष 1976 में स्थापित यह संस्थान पर्वतारोहण, स्कीइंग, राफ्टिंग और पर्वतीय युद्ध कौशल के क्षेत्र में देश को उत्कृष्ट प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध करा रहा है।
उन्होंने कहा कि आईटीबीपी के जवानों द्वारा विश्व की सर्वोच्च चोटी माउंट एवरेस्ट सहित अनेक दुर्गम पर्वत चोटियों पर सफल आरोहण भारत के साहस और सामर्थ्य का प्रतीक है। राज्यपाल ने कहा कि यह संस्थान उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा और अवसरों का केंद्र बनता जा रहा है। कौशल विकास योजनाओं के माध्यम से स्थानीय युवाओं को राफ्टिंग और पर्वतीय प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ने का कार्य सराहनीय है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में यह संस्थान युवाओं को और अधिक अवसर प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
इस अवसर पर नौ स्वतंत्र पर्वतीय ब्रिगेड ग्रुप के कमांडर ब्रिगेडियर गौरव बत्रा, 7वीं असम रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल शिवेश तिवारी तथा आईटीबीपी औली के कमांडेंट रतन सिंह सोनल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
