राजनीति

नानकचंद ने संभाला कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय संयोजक का कार्यभार

 

देहरादून, 9 मई। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नानकचंद ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अनुसूचित जाति विभाग में राष्ट्रीय संयोजक का कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि यह उत्तराखंड कांग्रेस परिवार के लिए गर्व और सम्मान का क्षण है। उन्होंने कहा कि नानकचंद की नियुक्ति उनके लंबे संघर्ष, संगठन के प्रति समर्पण और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए किए गए कार्यों की पहचान है। रावत ने विश्वास जताया कि नानकचंद राष्ट्रीय स्तर पर अनुसूचित जाति समाज की आवाज को और मजबूती से उठाएंगे।


मुख्य अतिथि राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा सामाजिक न्याय, समान अवसर और संवैधानिक मूल्यों की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों का भारत बनाने के लिए कांग्रेस लगातार कार्य करती रही है। गौतम ने कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़े वर्गों और कमजोर तबकों के अधिकारों की रक्षा कांग्रेस की ऐतिहासिक जिम्मेदारी रही है। उन्होंने कहा कि नानकचंद के अनुभव और संगठन क्षमता से देशभर के कार्यकर्ताओं को नई प्रेरणा मिलेगी।
कांग्रेस संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया ने उत्तराखंड आगमन पर राजेंद्र पाल गौतम का स्वागत करते हुए कहा कि उनका दौरा कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि नानकचंद के नेतृत्व में अनुसूचित जाति विभाग सामाजिक न्याय की लड़ाई को नई दिशा देगा। वालिया ने कहा कि जिस समाज में अंतिम व्यक्ति को सम्मान और अवसर मिले, वही सच्चा लोकतंत्र कहलाता है और कांग्रेस इसी विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
नवनियुक्त राष्ट्रीय संयोजक नानकचंद ने कहा कि वे अनुसूचित जाति समाज की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड कांग्रेस सामाजिक न्याय, दलित सम्मान और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी हर उस आवाज के साथ खड़ी है, जो समानता, सम्मान और अधिकार की बात करती है।
उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल पदभार ग्रहण समारोह नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय के संघर्ष को और तेज करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को संगठित होकर काम करना होगा।
कार्यक्रम के दौरान धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 73 से निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी रहे सतेंद्र वर्मा ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम का संचालन सीपी सिंह ने किया।
इस अवसर पर एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मदन लाल, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुलेमान अंसारी, संजय शर्मा, मोहन काला, दर्शन लाल, पीयूष गौड़, राव नसीम, डिंपल सिंह, रेहाना परवीन और अमन सिंह सहित अनेक कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!