सुरक्षा

महार (बोर्ड्स) के पूर्व सैनिकों ने धूमधाम से मनाया बटालियन का 78वां स्थापना दिवस

देहरादून, 9 मई। सेना की 4 महार (बोर्ड्स) के पूर्व सैनिकों ने कृष्णा गार्डन, देहरादून में अपनी बटालियन का 78वां स्थापना दिवस बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने अपने सेवाकाल के दौरान बिताए गए यादगार पलों को साझा किया और शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, शहीदों को नमन तथा महार गान के साथ किया गया। समारोह में बटालियन के पूर्व कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रमेश देवेसर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारजनों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बटालियन के शहीद जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

समिति के अध्यक्ष नायक दिनेश गोदियाल (अवकाशप्राप्त) ने बटालियन के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 4 महार (बोर्ड्स) की स्थापना 8 मई 1948 को योल में ईस्ट पंजाब फ्रंटियर स्काउट्स की प्रथम बटालियन के रूप में हुई थी। उन्होंने कहा कि पिछले 78 वर्षों में बटालियन ने देश की सीमाओं की सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय शांति मिशनों में साहस, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन का परिचय देते हुए उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं।

उन्होंने बताया कि बटालियन को उत्कृष्ट कार्यों के लिए अनेक वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। इनमें 5 वीर चक्र, 2 शौर्य चक्र, 17 सेना मेडल, 4 विशिष्ट सेना मेडल, 6 मेंशन इन डिस्पैच, 47 सेनाध्यक्ष प्रशंसा पत्र, 3 उपसेनाध्यक्ष प्रशंसा पत्र तथा 74 जीओसी-इन-सी प्रशंसा पत्र शामिल हैं।

कार्यक्रम का संचालन कैप्टन जयवीर रावत ने किया। इस दौरान समिति के अध्यक्ष नायक दिनेश गोदियाल एवं संरक्षक कैप्टन सुजान सिंह ने मुख्य अतिथि का पुष्पमाला एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

अपने संबोधन में कर्नल रमेश देवेसर ने कहा कि उन्हें इस अवसर पर अपने साथियों से मिलकर अत्यंत गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने बटालियन के गौरवमयी इतिहास, विभिन्न युद्धों में हासिल सफलताओं तथा अपने सेवाकाल के अनुभवों को भी साझा किया।

समारोह में महिलाओं के लिए तंबोला एवं म्यूजिकल चेयर जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर सूबेदार क्लर्क वाई.डी. शर्मा, कैप्टन शैलेन्द्र रावत, सूबेदार सुरेन्द्र रावत, हवलदार महेन्द्र सिंह, कैप्टन प्रकाश चंद, कैप्टन नरेन्द्र कुमार, कैप्टन विजयानंद खंडूरी, कैप्टन महेन्द्र सिंह रावत, हवलदार परमिल कुमार, हवलदार राकेश कुमार, हवलदार प्रेम बल्लभ, सूबेदार विनोद नेगी, सूबेदार रूप सिंह, हवलदार क्लर्क एच.एस. गुसाईं, सूबेदार मनमोहन सिंह, सूबेदार मेजर ऋषि राम, ऑनरेरी कैप्टन सुरेन्द्र बिष्ट, ऑनरेरी कैप्टन महादेव, सूबेदार सुरेश जोशी, कैप्टन दलिप सिंह, कैप्टन पूरण सिंह सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!