Front Page

मुख्यमंत्री धामी ने किया बोर्ड परीक्षाओं के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान

देहरादून, 17 मई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में प्रदेश के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। समारोह का आयोजन अमर उजाला द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य और देश का भविष्य युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और संकल्प पर आधारित है। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्रों को सम्मानित करने जैसी पहल अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती है।
मुख्यमंत्री ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों पर संतोष व्यक्त करते हुए छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की विशेष सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए नियमित प्रयास और लक्ष्य के प्रति समर्पण आवश्यक है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके भविष्य को दिशा देने में गुरुजनों और अभिभावकों का बड़ा योगदान होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, डिजिटल लर्निंग और आधुनिक सुविधाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिल सके।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापरक शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या लगभग 28 प्रतिशत रही, जबकि 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों का प्रतिशत करीब 12 रहा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत राज्य में विद्यार्थियों को वैदिक गणित, रामायण, महाभारत, राज्य की संस्कृति और अध्यात्म से जुड़ी जानकारी भी दी जा रही है। शिक्षा मंत्री ने बताया कि स्कूली शिक्षा रैंकिंग में उत्तराखंड ने देश के शीर्ष 10 राज्यों में स्थान प्राप्त किया है।
कार्यक्रम में अपर सचिव बंशीधर तिवारी तथा अमर उजाला के संपादक अनूप बाजपेयी सहित विभिन्न अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!