Front Page

सिसौना नदी पर 11.41 करोड़ की लागत से बनेगा पुल, 50 हजार लोगों को मिलेगा लाभ

देहरादून, 17 मई। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सितारगंज के शक्तिफार्म क्षेत्र को सिडकुल क्षेत्र से जोड़ने के लिए सिसौना नदी पर बनने वाले 150 मीटर स्पान के सीसी पुल का शिलान्यास किया। लगभग 11 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल से क्षेत्र के करीब 50 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुल बनने से शक्तिफार्म और सिडकुल सितारगंज के बीच आवागमन सुगम होगा तथा विकासखंड कार्यालय सिसौना तक पहुंचने में लगभग नौ किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल यातायात सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहरों के साथ-साथ दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ऊधमसिंह नगर जिले तथा शक्तिफार्म-सितारगंज क्षेत्र में कई महत्वाकांक्षी परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि शक्तिफार्म में सार्वजनिक-निजी सहभागिता मॉडल के तहत मिल्क पाउडर, आइसक्रीम और चीज निर्माण के लिए आधुनिक डेयरी प्रसंस्करण इकाई स्थापित की जा रही है। वहीं प्रह्लाद पलसिया में लगभग 54 करोड़ रुपये की लागत से एक्वा पार्क का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसका अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकृत किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सितारगंज-टनकपुर फोरलेन सड़क, आधुनिक ड्रेनेज प्रणाली, विभिन्न मोटर मार्गों और बहुमंजिला पार्किंग निर्माण कार्य भी प्रगति पर हैं। इसके अलावा किच्छा में लगभग 351 करोड़ रुपये की लागत से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण किया जा रहा है, जबकि पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाईअड्डे की दिशा में भी कार्य जारी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति तथा मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!