12 वर्षीय अशना नकी बनी पुस्तक लेखक
- अपने परिवार की पांचवी तथा सबसे कम आयु की है पुस्तक लेखक
- आर्मी पब्लिक स्कूल के कार्यक्रम के अंतर्गत ब्री बुक्स ने प्रकाशित किया बाल कहानी संग्रह
काशीपुर, 25 मई। उत्तराखंड के काशीपुर की निवासी तथा आर्मी पब्लिक स्कूल हेमपुर की कक्षा 8 की 12 वर्षीय छात्रा अशना नकी पुस्तक लेखक बन गई हैं। वह अपने परिवार की पांचवी तथा सबसे कम आयु की पुस्तक लेखक हैं। इनका कहानी संग्रह यंग माइंड ग्रेट लेसंस अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बाल पुस्तक प्रकाशक ब्री बुक्स ने प्रकाशित किया है।
अशना नकी के परिवार में उनसे पूर्व उनके पिता डॉ. नकी उद्दीन की कॉमर्स विषय पर पुस्तक, उनके बड़े अंकल नदीम उद्दीन एडवोकेट की 45 जन जागरूकता, कानूनी जागरूकता तथा साहित्यिक पुस्तकें तथा उनके चाचा डा .जिया उद्दीन की इंजीनियरिंग गणित विषय पर पुस्तकें, उनकी बड़ी बहन नीलिमा नदीम एडवोकेट की कानूनी जागरूकता विषय पर पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी है।
आर्मी पब्लिक स्कूल हेमपुर के चेयरमैन ब्रिगेडियर सुखबीर सिंह की प्रेरणा से प्रिंसिपल डॉ. मालिनी शर्मा के नेतृत्व में युवा लेखकों के रूप में छात्रों को सशक्त बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुस्तक प्रकाशक ब्री बुक्स के सहयोग से संचालित कार्यक्रम के अंतर्गत यह पुस्तक अशना नकी द्वारा लिखी गई है तथा डिजाइन की गई है। इस कार्यक्रम के संयोजक स्कूल के अंग्रेजी लेक्चरर अतुल यादव हैं। इस पुस्तक में 10 बाल प्रेरक कहानियां शामिल है। यह पुस्तक ब्री बुक्स की वेबसाइट पर उपलब्ध है
अशना नकी की इस उपलब्धि पर स्कूल के चेयरमैन ब्रिगेडियर सुखबीर सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. मालिनी शर्मा, कार्यक्रम संयोजक अतुल यादव तथा अन्य शिक्षकों व स्टाफ, छात्र-छात्राओं, विभिन्न अधिवक्ताओं तथा पत्रकारों ने शुभकामनाएं दी हैं तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है
