Front Pageखेल/मनोरंजन

गौचर मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में उमड़ा जनसैलाब, बेकाबू भीड़ ने पुलिस के छुड़ाए पसीने

पांडवाज की प्रस्तुति पर देर रात तक थिरके दर्शक, मोटरसाइकिल में आगजनी और कई स्थानों पर हंगामे से बिगड़ी व्यवस्था

गौचर, 21 नवंबर (गुसाईं)। गौचर औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में उमड़े अभूतपूर्व जनसैलाब ने वर्षों पुरानी यादें ताजा कर दीं। श्रीनगर के प्रसिद्ध सांस्कृतिक दल पांडवाज की प्रस्तुतियों का आनंद लेने के लिए इतनी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे कि भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस के पसीने छूट गए। इस दौरान कई स्थानों पर धक्का-मुक्की और हंगामे की घटनाएं सामने आईं। उपद्रवियों ने एक मोटरसाइकिल को भी आग के हवाले कर दिया।

मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या पूरी तरह पांडवाज के नाम रही। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप और पांडवों से जुड़े लोकगीतों एवं भजनों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वाद्ययंत्रों की तेज ध्वनि के कारण शुरुआती दौर में गीतों के बोल भले ही स्पष्ट सुनाई नहीं दे रहे थे, लेकिन दर्शकों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी। सांस्कृतिक मंच के भीतर और बाहर उमड़ी भीड़ देर रात तक लोकसंगीत की धुनों पर थिरकती रही।

अंतिम सांस्कृतिक संध्या में दर्शकों की संख्या इतनी अधिक थी कि ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा चमोली जिला ही गौचर में उमड़ आया हो। मेले में वर्षों बाद इतनी बड़ी भीड़ देखने को मिली। हालांकि, इस जनसैलाब के बीच अव्यवस्थाओं और कुछ युवाओं के उत्पात ने आयोजन की गरिमा को भी प्रभावित किया।

भीड़ के बीच कई स्थानों पर धक्का-मुक्की और विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई। मुख्य बाजार में स्थित भोजनालयों के आसपास भी कुछ युवा हंगामा करते दिखाई दिए। शराब की दुकान पर लंबी कतारें लगी रहीं। मेले के दौरान शराब के बढ़ते चलन और कुछ युवाओं के उत्पात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए।

स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सांस्कृतिक संध्या का आनंद लेने पहुंचे चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत पंवार को भी अतिथि दीर्घा तक पहुंचाने में पुलिसकर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लगातार जूझना पड़ा। कई स्थानों पर अफरातफरी का माहौल बना रहा। मोटरसाइकिल में आग लगाए जाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता और बढ़ा दी।

सांस्कृतिक संध्या में कर्णप्रयाग के विधायक अनिल नौटियाल, राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त रमेश गढ़िया, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, मेलाधिकारी अलकेश नौडियाल, तहसीलदार सुधा डोभाल, जितेंद्र पंवार, मुकेश कुमार, नवीन चमोला, पंकज बिष्ट, नरेश बिष्ट, मनीष चंद्र और सुमित कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

गौचर मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या जहां पांडवाज की शानदार प्रस्तुतियों और अभूतपूर्व जनभागीदारी के लिए याद की जाएगी, वहीं बेकाबू भीड़, आगजनी और हुड़दंग की घटनाओं ने भी कई सवाल छोड़ दिए हैं। इतने बड़े सांस्कृतिक आयोजन में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों की आवश्यकता एक बार फिर सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!