Front Pageखेल/मनोरंजन

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ गौचर मेले का समापन

गौचर मेला किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं, सांस्कृतिक विरासत है : लखपत बुटोला

— दिग्पाल गुसाईं की रिपोर्ट —

गौचर, 21 नवंबर। ‘अलविदा गौचर मेला, अगले साल फिर मिलेंगे’ की भावनाओं के साथ सात दिवसीय गौचर औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और उपविजेताओं को पुरस्कृत करने के साथ ही सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।

भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती 14 नवंबर से शुरू हुए इस ऐतिहासिक मेले में विभिन्न सरकारी विभागों ने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोकगीतों, लोकनृत्यों और खेलकूद प्रतियोगिताओं ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मेलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी अलकेश नौडियाल के नेतृत्व में आयोजित मेले में स्थानीय कलाकारों के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से आए सांस्कृतिक दलों ने अपनी प्रस्तुतियों से उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक दिखाई।

समापन समारोह में फुटबॉल और वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं की विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। फुटबॉल प्रतियोगिता की विजेता टीम को 61 हजार रुपये की नकद धनराशि और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये की नकद धनराशि एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।

समारोह के मुख्य अतिथि बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने मेले के सफल आयोजन के लिए मेलाधिकारी अलकेश नौडियाल और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेले हमारी सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली परंपराओं के प्रतीक हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।

विधायक बुटोला ने मेले के राजनीतिकरण पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि गौचर मेला किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं, बल्कि जनता की साझा सांस्कृतिक विरासत है। उन्होंने मेला मंच पर मेले के संस्थापकों और देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्रों के स्थान पर राजनीतिक दल के बैनर और पोस्टर लगाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक मेले की मूल भावना और परंपराओं का सम्मान किया जाना चाहिए। बुटोला ने कहा कि यदि 2027 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो इस प्रकार की परंपरा को समाप्त किया जाएगा।

उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में जंगली जानवरों और बंदरों के बढ़ते आतंक का मुद्दा भी उठाया। बुटोला ने कहा कि जंगली जानवरों के कारण पहाड़ की खेती और ग्रामीण आजीविका बुरी तरह प्रभावित हो रही है। किसान अपनी फसलों को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ग्रामीणों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है।

कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने भी मेले के सफल संचालन के लिए मेलाधिकारी अलकेश नौडियाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि गौचर जैसे ऐतिहासिक और विशाल मेले का आयोजन आसान कार्य नहीं है। इसके बावजूद अलकेश नौडियाल ने पहली बार मेलाधिकारी की जिम्मेदारी संभालते हुए आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

मुकेश नेगी ने सुझाव दिया कि अगले वर्ष गौचर मेले के 75वें आयोजन की तैयारियां कम से कम दो माह पहले शुरू की जानी चाहिए। इसके लिए स्थानीय जनता, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और संस्कृति से जुड़े लोगों की राय लेकर व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि मेले को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाया जा सके।

नगर पालिका अध्यक्ष एवं मेला उपाध्यक्ष संदीप नेगी ने भी मेलाधिकारी और आयोजन समिति की सराहना करते हुए मुकेश नेगी के सुझाव का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि गौचर मेले की ऐतिहासिक पहचान बनाए रखने के साथ ही इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

समापन समारोह का संचालन हर्षवर्धन थपलियाल और अर्जुन नेगी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रेखा बिष्ट, कांग्रेस नगर अध्यक्ष जगदीश कनवासी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख कमल सिंह रावत, वन विकास निगम के सेवानिवृत्त अधिकारी सुरेंद्र सिंह नेगी, शिवलाल भारती, मंजू खत्री, उपासना बिष्ट, अंजू राणा, अनीता चौहान और मदन लाल टम्टा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और मेलाप्रेमी उपस्थित रहे।

सात दिनों तक सांस्कृतिक गतिविधियों, खेल प्रतियोगिताओं, व्यापारिक गतिविधियों और जनसहभागिता का केंद्र रहा गौचर मेला अगले वर्ष फिर मिलने की उम्मीदों और यादों के साथ संपन्न हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!