राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे के लिए प्रदेश कांग्रेस ने बनाया कंट्रोल रूम
देहरादून, 31 मई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 4 एवं 5 जून 2026 को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश मुख्यालय, देहरादून में एक विशेष कंट्रोल रूम की स्थापना की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने वरिष्ठ नेताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपते हुए दौरे के सफल संचालन के लिए समन्वय व्यवस्था को मजबूत किया है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने बताया कि प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी को कंट्रोल रूम का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ प्रदेश महामंत्री मनीष नागपाल, अखिलेश उनियाल, प्रदेश प्रवक्ता सुलेमान अली, प्रदेश प्रवक्ता मोहन काला, जितेन्द्र बिष्ट तथा प्रीतम सिंह आर्य को सदस्य बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के दौरे से संबंधित किसी भी जानकारी, कार्यक्रम अथवा समन्वय के लिए आमजन, पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी कंट्रोल रूम के सदस्यों से संपर्क कर सकते हैं। कंट्रोल रूम दौरे से जुड़ी सूचनाओं के आदान-प्रदान तथा कार्यक्रमों के समन्वय का कार्य करेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कंट्रोल रूम के सभी सदस्यों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा पार्टी संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग देने की अपेक्षा की है।
प्रदेश कांग्रेस के अनुसार राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं तथा विभिन्न समितियों को भी आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।
