कठपुतली शो के माध्यम से छात्राओं को दिया वनाग्नि से बचाव का संदेश
पोखरी, 1 जून (राणा)। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी में आयोजित भारतीय भाषा समर कैंप-2026 के षष्ठम दिवस का शुभारंभ गढ़वाली भाषा में प्रार्थना, सरस्वती वंदना तथा माइंडफुलनेस गतिविधियों के साथ हुआ। शिविर में छात्राओं को भाषा, संस्कृति, इतिहास और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विविध गतिविधियों के माध्यम से ज्ञानवर्धक जानकारी प्रदान की गई।
प्रधानाचार्य गम्भीर सिंह असवाल ने बताया कि भारतीय सांकेतिक भाषा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, नई दिल्ली द्वारा तैयार कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) उत्तराखंड तथा डायट गौचर के दिशा-निर्देशन में यह शिविर संचालित किया जा रहा है।
सोमवार को शिक्षिकाओं रेखा पटवाल राणा, पुष्पा नेगी और निशा ने छात्राओं को यूट्यूब वीडियो, एटलस तथा भौतिक मानचित्रों की सहायता से देश की प्रमुख नदियों, पर्वतों और ऐतिहासिक स्मारकों के इतिहास एवं भूगोल की जानकारी दी। इस दौरान छात्राओं के सामान्य ज्ञान एवं बुनियादी समझ का भी मूल्यांकन किया गया।
दिन की मुख्य आकर्षण गतिविधि कठपुतली शो रही। इसके माध्यम से नागनाथ-पोखरी क्षेत्र के जंगलों में बढ़ रही वनाग्नि की घटनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए वन संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के महत्व को समझा।
समर कैंप की सभी गतिविधियां सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। कार्यक्रम के संचालन में वरिष्ठ सहायक राहुल देवशाली, कार्यालय कर्मी रेखा सती एवं दिव्या थपलियाल के साथ भोजन माताएं सुमन देवी और माहेश्वरी देवी का विशेष सहयोग रहा।
षष्ठम दिवस के शिविर में 25 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में सीखने, नई जानकारियां प्राप्त करने तथा रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
