तलवाड़ी स्टेट का स्वर्ण जयंती स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया
–हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट–
थराली, 5 जून। विकासखंड थराली के अंतर्गत ग्राम पंचायत तलवाड़ी स्टेट की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने पर स्वर्ण जयंती स्थापना दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर तलवाड़ी स्टेट, थाला, गुड़म स्टेट, झुंक्याणी स्टेट, तलवाड़ी खालसा तथा हरतोली की महिला मंगल दलों के साथ ही क्षेत्र के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित, खंड विकास अधिकारी नितिन धानिक तथा ग्राम प्रधान दीपा देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि विकासखंड की अन्य ग्राम पंचायतों को भी अपने स्थापना दिवस मनाने चाहिए, ताकि नई पीढ़ी को अपने गांव के इतिहास, संस्कृति, बोली-भाषा, रीति-रिवाज और पारंपरिक खान-पान की जानकारी मिल सके।
उन्होंने महिला मंगल दलों के प्रोत्साहन के लिए प्रत्येक दल को 40-40 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की। साथ ही ग्राम पंचायत तलवाड़ी स्टेट में विभिन्न विकास कार्यों के लिए डेढ़ लाख रुपये की धनराशि देने की भी घोषणा की।
ग्राम प्रधान दीपा फर्स्वाण ने कहा कि ग्राम पंचायत की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि महिला मंगल दलों तथा स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी से कार्यक्रम को विशेष सफलता मिली है। कार्यक्रम में स्थानीय लोक संस्कृति, परंपराओं और पारंपरिक वेशभूषा की सुंदर झलक देखने को मिली।
समारोह में कनिष्ठ प्रमुख राजेश चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य कुंवर सिंह रौथाण, महिला मंगल दल अध्यक्ष सोनी बोरा, शकुंतला देवी, विवेक रावत, पूर्व प्रधान गोपाल सिंह फर्स्वाण, हरीश रावत, आलम सिंह फर्स्वाण, आनंद सिंह बिष्ट, ईश्वर सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी सुनील पुरोहित, सुनील चमोला, मुन्नी देवी, कमला देवी, विमला देवी, सुनीता देवी, अनीता देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्रामवासियों एवं महिला मंगल दलों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र सिंह रावत ने किया।
