ग्वालदम में रामलीला शुरू, राम के आदर्शों पर चलने का आह्वान

थराली, 10 जून (हरेंद्र बिष्ट)। गढ़वाल और कुमाऊं की सांस्कृतिक संगमस्थली ग्वालदम में पारंपरिक रामलीला का शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ हो गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि देवाल के ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत तथा ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मंगलवार देर रात कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में रामभक्त रामलीला मंचन देखने पहुंचे। अतिथियों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन और आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके द्वारा स्थापित मानवीय मूल्य आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने लोगों से श्रीराम के आदर्शों का अनुसरण करते हुए समाज कल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की बालिकाओं ने सुंदर कोरस प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। इसके बाद नट-नटनी की लोकनाट्य प्रस्तुति ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। रामलीला मंचन के प्रथम दिन रावण की तपस्या, देवताओं पर उसके अत्याचार तथा राजा दशरथ के घर भगवान श्रीराम के जन्म सहित विभिन्न प्रसंगों का प्रभावी मंचन किया गया।
इस अवसर पर रामलीला समिति के अध्यक्ष हीरा सिंह बोरा, उपाध्यक्ष यशपाल रावत, संयोजक महावीर शाह, सचिव बलवीर गड़िया, सहसचिव बबीता बिष्ट, कोषाध्यक्ष प्रदीप शाह, सहकोषाध्यक्ष महावीर गड़िया, व्यवस्थापक हरीश जोशी, अनिल नेगी, कुंदन परिहार, संचालक प्रद्युम्न सिंह शाह, ग्राम प्रधान हेमलता गड़िया, पूर्व प्रधान मीनू टम्टा, क्षेत्र पंचायत सदस्य भावना रावत, हेमा जोशी, युवक मंगल दल अध्यक्ष त्रिलोक सिंह रावत, दर्शन भंडारी तथा महिला मंगल दल की अध्यक्ष कलावती देवी बढ़ियारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों का समिति पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया।
