देवाल क्षेत्र में गैस सिलेंडरों में कथित घटतौली की शिकायत पर जांच के निर्देश
तीन दिन में मांगा गया स्पष्टीकरण, दोषी पाए जाने पर होगी कार्रवाई
थराली, 10 जून (हरेंद्र बिष्ट)। देवाल क्षेत्र में रसोई गैस वितरण के दौरान कथित घटतौली की शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने जिला पूर्ति विभाग को मामले की जांच कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो और शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि देवाल क्षेत्र में गैस वितरण के दौरान कुछ उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा से कम गैस वाले सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। शिकायत में विशेष रूप से इंडेन गैस सर्विस, थराली के एक कर्मचारी पर गैस वितरण में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया गया है।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडे ने संबंधित गैस एजेंसी को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर विस्तृत स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा है। उन्होंने बताया कि 9 जून को देवाल क्षेत्र में गैस वितरण के दौरान कथित घटतौली से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू की गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि प्रकरण की तथ्यात्मक जांच की जा रही है तथा संबंधित गैस एजेंसी से सभी आवश्यक अभिलेख और विवरण तलब किए गए हैं। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जांच में यदि गैस वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की अनियमितता या उपभोक्ता हितों के प्रतिकूल आचरण की पुष्टि होती है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
