Front Pageसुरक्षा

क्लेमेंट टाउन में ऑफिसर कैडेट्स का अकाउट्रमेंट समारोह आयोजित

 देहरादून, 10 जून ।   2 इंजीनियर रेजिमेंट द्वारा भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) से 13 जून 2026 को कोर ऑफ इंजीनियर्स में कमीशन प्राप्त करने जा रहे 59 ऑफिसर कैडेट्स के सम्मान में क्लेमेंट टाउन में अकाउट्रमेंट समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह सैन्य गरिमा, अनुशासन और उत्साह के वातावरण में सम्पन्न हुआ।

इन 59 ऑफिसर कैडेट्स में से 20 कैडेट्स को मद्रास इंजीनियर ग्रुप, 20 कैडेट्स को बॉम्बे इंजीनियर ग्रुप तथा 19 कैडेट्स को बंगाल इंजीनियर ग्रुप आवंटित किए गए हैं। अकाउट्रमेंट समारोह सैन्य जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है, जो भारतीय सेना के प्रतिष्ठित कोर ऑफ इंजीनियर्स के साथ उनके औपचारिक जुड़ाव और भावी सैन्य दायित्वों की शुरुआत का प्रतीक है।

समारोह की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट जनरल विकास रोहिल्ला, एवीएसएम, एसएम**, इंजीनियर-इन-चीफ ने की। उन्होंने ऑफिसर कैडेट्स को अकाउट्रमेंट प्रदान किए तथा अपने संबोधन में उन्हें कोर ऑफ इंजीनियर्स की गौरवशाली परंपराओं को निष्ठा, साहस, व्यावसायिक उत्कृष्टता और कर्तव्यपरायणता के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एक सैन्य अधिकारी के रूप में राष्ट्र सेवा सर्वोच्च दायित्व है और प्रत्येक अधिकारी को अपने आचरण एवं कार्यों से सेना की प्रतिष्ठा को और सुदृढ़ करना चाहिए।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में सेवारत अधिकारी एवं सम्मानित पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। उन्होंने भावी अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल सैन्य भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!