क्षेत्रीय समाचार

थराली में गैस घटतौली मामले में सख्त कार्रवाई, ठेकेदार का अनुबंध निरस्त होगा

 

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 11 जून। देवाल क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडरों में कथित घटतौली के मामले में जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार के निर्देश पर संबंधित परिवहन ठेकेदार को गैस वितरण कार्य से तत्काल हटाने, उसका अनुबंध निरस्त करने, सुरक्षा धनराशि (सिक्योरिटी मनी) जब्त करने तथा अन्य आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से उपभोक्ताओं में विश्वास बढ़ा है।
जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडे ने बताया कि 9 जून को देवाल क्षेत्र में गैस वितरण के दौरान कथित घटतौली से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। इसके बाद संबंधित गैस एजेंसी को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है।
शिकायत में गैस एजेंसी से संबद्ध वितरण कार्य में लगे एक व्यक्ति पर निर्धारित मानकों के अनुरूप गैस उपलब्ध न कराने का आरोप लगाया गया है। एजेंसी प्रबंधन ने अपने स्पष्टीकरण में बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति परिवहन ठेकेदार द्वारा नियुक्त श्रमिक था। मामला सामने आते ही संबंधित ठेकेदार को गैस वितरण कार्य से अलग कर दिया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए गैस वितरण की व्यवस्था वैकल्पिक माध्यमों से सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। मामले की तथ्यात्मक जांच जारी है तथा एजेंसी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। साथ ही संबंधित समन्वयक को परिवहन ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने ठेकेदार का अनुबंध निरस्त करने, सुरक्षा धनराशि जब्त करने और उसके लंबित भुगतानों पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों का संरक्षण विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गैस वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता या उपभोक्ता हितों के प्रतिकूल आचरण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
गौरतलब है कि क्षेत्र में लंबे समय से रसोई गैस सिलेंडरों में कम गैस मिलने की शिकायतें उठती रही हैं। 9 जून को देवाल बाजार के निकट गैस वितरण वाहन से एक कर्मचारी द्वारा भरे हुए सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस स्थानांतरित करने का वीडियो एक जागरूक उपभोक्ता ने बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया था। वीडियो वायरल होने के बाद जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मामले का संज्ञान लेते हुए जिला पूर्ति विभाग को त्वरित एवं सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। प्रशासन की सक्रियता के बाद लंबे समय से घटतौली की शिकायत कर रहे उपभोक्ताओं में राहत और संतोष का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!