धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

कार्तिक स्वामी धाम में शिवमय हुआ वातावरण, शिव पुराण कथा में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

पोखरी, 11 जून (राणा)। रुद्रप्रयाग और चमोली जनपद की सीमा पर क्रौंच पर्वत की मनोरम चोटी पर स्थित प्रसिद्ध कार्तिक स्वामी धाम इन दिनों पूरी तरह शिवमय वातावरण से सराबोर है। मंदिर समिति और क्षेत्रीय जनता के सहयोग से 5 जून से आयोजित 11 दिवसीय शिव पुराण कथा महायज्ञ में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों के साथ-साथ देश के कई राज्यों से श्रद्धालु कथा श्रवण एवं भगवान कार्तिक स्वामी के दर्शन के लिए धाम पहुंच रहे हैं। कनकचौरी से लगभग चार किलोमीटर की पैदल यात्रा कर श्रद्धालु घने देवदार और बांज के जंगलों के बीच स्थित मंदिर तक पहुंच रहे हैं। पूरे पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही से क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु भगवान कार्तिक स्वामी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना कर रहे हैं।

कथा के सातवें दिन व्यास आचार्य वासुदेव प्रसाद थपलियाल ने भगवान शिव की महिमा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि भोलेनाथ आशुतोष हैं और सच्चे मन से की गई आराधना से वे शीघ्र प्रसन्न होकर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। उन्होंने कहा कि शिव पुराण का श्रवण व्यक्ति को धर्म, भक्ति और मोक्ष के मार्ग पर अग्रसर करता है तथा जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाता है।
कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर हर-हर महादेव के जयघोष करते रहे। धार्मिक आयोजन के तहत 14 जून को भव्य जल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 15 जून को यज्ञ, हवन और पूर्णाहुति के साथ महायज्ञ का समापन होगा।
इस अवसर पर आचार्य दिनेश थपलियाल, अरविंद भट्ट, सुभाष भट्ट, सुधीर नौटियाल, दीपक चमोला, कृष्णा गैरोला, मंदिर समिति के अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी, उपाध्यक्ष उत्तम नेगी, सचिव बलराम सिंह नेगी, प्रबंधक पूरण सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष चंद्र सिंह नेगी, कर्नल डी.एस. बर्त्वाल, शत्रुघ्न सिंह नेगी, रमेश सिंह, लक्ष्मण सिंह, भरत सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक, आचार्यगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!