आपदा/दुर्घटना

खलियान बांगर और पुजारगांव में आई  आपदा ने मचाई तबाही

 

रुद्रप्रयाग, 12 जून। रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के खलियान बांगर और पुजारगांव में आई  आपदा ने भारी तबाही मचाई है। आपदा के कारण ग्रामीणों के खेत-खलिहान क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे क्षेत्र का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पेयजल योजनाएं, विद्युत आपूर्ति और सिंचाई नहरें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे ग्रामीणों के सामने पानी और बिजली का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाली पुलिया और संपर्क सड़कें मलबे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इससे कई गांवों का संपर्क बाहरी क्षेत्रों से कट गया है। खलियान गांव में एक महिला का आवासीय मकान भी आपदा की चपेट में आकर पूरी तरह ध्वस्त हो गया।
क्षेत्र के अधिकांश परिवार कृषि और विशेष रूप से सब्जी उत्पादन पर निर्भर हैं। आपदा में नगदी फसलें और सब्जियां नष्ट हो जाने से किसानों के सामने आजीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
आपदा की सूचना मिलते ही रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं युवा नेता मोहित डिमरी ने प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त मकानों, बह चुके खेतों और अवरुद्ध संपर्क मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की तथा उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मोहित डिमरी ने मौके से ही जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग से दूरभाष पर वार्ता कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल प्रभावित क्षेत्रों में भेजने का अनुरोध किया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि नुकसान की रिपोर्ट शीघ्र शासन को भेजी जाएगी तथा नियमानुसार प्रभावित परिवारों को त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!