क्षेत्रीय समाचारखेल/मनोरंजन

पोखरी बाजार में रामलीला का शुरू, प्रथम दिवस राम जन्म लीला का मंचन

 

पोखरी, 16 जून (राणा)। नगर क्षेत्र के पोखरी बाजार में मेला समिति के तत्वावधान में आयोजित दस दिवसीय रामलीला का शुभारंभ सोमवार रात्रि को भव्य रूप से हुआ। रामलीला के प्रथम दिवस भगवान श्रीराम के जन्म प्रसंग, अयोध्या नरेश महाराज दशरथ के दरबार तथा लंका नरेश रावण के दरबार का आकर्षक मंचन किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय ने दर्शकों को देर रात तक मंत्रमुग्ध किए रखा।


रामलीला में महाराज दशरथ की भूमिका जयदीप चौधरी, भगवान शंकर की भूमिका वीरेंद्र सिंह राणा, माता पार्वती की भूमिका भूपेंद्र नेगी तथा नारद की भूमिका परशुराम ने निभाई। वहीं रावण के पात्र में रमेश भट्ट, कुंभकर्ण के रूप में ओमप्रकाश चौधरी, विभीषण के रूप में सोमिल खत्री, भगवान राम के रूप में प्रवेश चौधरी तथा लक्ष्मण के रूप में अंशुल चौधरी ने प्रभावशाली अभिनय कर दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की।

राम जन्म प्रसंग के मंचन के दौरान पूरा पंडाल ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से गूंज उठा। प्रथम दिवस बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने रामलीला स्थल पहुंचकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन का आनंद लिया।

मेला समिति के अध्यक्ष मयंक पंत तथा संरक्षक कुंवर सिंह चौधरी ने बताया कि इस वर्ष रामलीला का आयोजन पारंपरिक और भव्य स्वरूप में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के चलते बड़ी संख्या में प्रवासी, नौकरीपेशा लोग, बाहर अध्ययनरत छात्र-छात्राएं, धियाण तथा रिश्तेदार क्षेत्र में पहुंचे हैं, जिससे आयोजन को लेकर विशेष उत्साह का माहौल बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि रामलीला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। इसके माध्यम से युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं से परिचित हो रही है। मेला समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में रामलीला स्थल पहुंचकर आयोजन का आनंद लेने तथा इसके सफल संचालन में सहयोग देने की अपील की।

इस अवसर पर समिति के सचिव संतोष चौधरी, महिधर पंत, मंदोदरी पंत, मधुसूदन चौधरी, सत्यप्रकाश पंत, कुलदीप चौधरी, दीपक चौधरी, जय चौधरी, भूपेंद्र नेगी सहित मेला समिति के पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!