बुजुर्ग ग्रामीण महिला ने डीएम के सिर हाथ रख कर दिया आशीर्वाद
उत्तरकाशी, 16 जून। विकासखंड चिन्यालीसौड़ की ग्राम सभा छणद-खालसी के ग्रामीण गांव में बढ़ते भूस्खलन की समस्या को लेकर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य से मिलने पहुंचे। इस दौरान कार्यालय से बाहर निकलते समय जिलाधिकारी ने स्वयं ग्रामीणों को बुलाकर उनकी समस्याएं सुनीं और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों के साथ आई एक बुजुर्ग महिला ने गढ़वाली भाषा में अपनी व्यथा सुनाई, जिसे जिलाधिकारी ने पूरे धैर्य और आत्मीयता के साथ सुना। जिलाधिकारी के संवेदनशील और सौम्य व्यवहार से प्रभावित होकर महिला ने उनके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी की जनसरोकारों से जुड़ी कार्यशैली, सहजता और आमजन के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण की सराहना करते हुए भूस्खलन की समस्या के शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई।
