जागरूकता सेमिनार में ग्रामीण विकास, स्वावलंबन और महिला सशक्तिकरण पर जोर
थराली, 19 जून (हरेंद्र बिष्ट)। हिम ज्योति आश्रय समिति के तत्वावधान में विकासखंड देवाल में एक विशेष जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक विकास, पर्यावरण संरक्षण, स्वावलंबन, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा जनकल्याण से जुड़े विषयों के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
देवाल में आयोजित इस सेमिनार में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। वक्ताओं ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सामूहिक प्रयासों, आत्मनिर्भरता तथा समाज सेवा की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए।
हिम ज्योति आश्रय समिति के संस्थापक एवं अध्यक्ष भानु कुनियाल ने कहा कि समिति का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा, संरक्षण और विकास से जुड़े कार्यों को गति देना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में चमोली जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जनहित से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
कार्यक्रम में समिति के सचिव पुष्कर सिंह, कोषाध्यक्ष हीराबल्लभ कुनियाल, बीना देवी, रेखा कुनियाल सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
