अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पोखरी पीजी कॉलज में योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

पोखरी, 21 जून (राणा)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में भाजपा नगर मंडल के तत्वावधान में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं, कर्मचारियों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में योग शिक्षक एवं नगर संयोजक दिनेश नेगी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि योग भारत की सनातन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने आज पूरे विश्व को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की राह दिखाई है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय की संपूर्ण जीवन पद्धति है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और व्यस्त जीवनशैली के बीच स्वस्थ एवं निरोग रहने के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का भी विकास होता है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने लोगों से योग को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अमर सिंह रावत, जिला मंत्री रंजना रावत, नवनीत सती, विमल बिष्ट, राज्य महिला आयोग की सदस्य वत्सला सती, सतीश चमोला, तेजपाल कुमार तथा जितेंद्र सती सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी, स्थानीय नागरिक एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
योगाभ्यास कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवन, निरोग समाज और नियमित योग के संकल्प के साथ किया गया।
