क्षेत्रीय समाचार

बीडीओ की अनुपस्थिति पर प्रधान संघ का प्रदर्शन, नारेबाजी कर सौंपा ज्ञापन

-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली/देवाल, 22 जून। विकासखंड देवाल में सोमवार को प्रधान संघ और खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के बीच संवादहीनता को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रधान संघ ने आरोप लगाया कि पूर्व सूचना देने के बावजूद बीडीओ दोपहर एक बजे तक कार्यालय नहीं पहुंचे, जिससे नाराज प्रधानों ने विकासखंड कार्यालय परिसर में नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, बीडीओ ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उन्हें बैठक की कोई सूचना नहीं दी गई थी।
प्रधान संघ अध्यक्ष खिलाप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मनरेगा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रधानों ने मनरेगा के तहत सामग्री मद (मैटेरियल) और कुशल मिस्त्रियों के लंबित भुगतान पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए शीघ्र भुगतान की मांग की।
बैठक में ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। प्रधानों का कहना था कि विकासखंड देवाल के कई दूरस्थ गांवों में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण श्रमिकों और ग्राम पंचायतों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नेटवर्क विहीन गांवों को ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था से छूट देने की मांग की।
प्रधान संघ के अनुसार, बीडीओ के साथ वार्ता के लिए उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना दी गई थी, लेकिन दोपहर एक बजे तक उनके कार्यालय नहीं पहुंचने पर प्रधानों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद उन्होंने बीडीओ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया।
बैठक में प्रधान जानकी देवी, कविता मिश्रा, बिमला देवी, कविता देवी, प्रेमा देवी, सुनीता देवी, मीना देवी, राधा देवी, कलावती देवी, कमल सिंह, यशवंत सिंह, भगत सिंह, रूपचंद्र सिंह, उमेश मिश्रा, जसपाल सिंह, मनोज कुमार, आलम राम सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रधान संघ ने ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत को संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि खंड विकास अधिकारी जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा कर रहे हैं। ज्ञापन में मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
बीडीओ ने आरोपों को बताया निराधार
खंड विकास अधिकारी देवाल जयदीप बेलवाल ने प्रधान संघ के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्हें सोमवार को आयोजित किसी बैठक की सूचना न तो लिखित रूप में मिली और न ही किसी व्हाट्सएप ग्रुप में ऐसी जानकारी उपलब्ध थी।
उन्होंने बताया कि वे सोमवार सुबह आवश्यक सरकारी कार्य से क्षेत्र भ्रमण पर निकल गए थे और लगभग डेढ़ बजे कार्यालय पहुंचे। कार्यालय पहुंचने पर उन्हें प्रधानों की नाराजगी की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने प्रधानों को वार्ता के लिए आमंत्रित किया। उनका कहना है कि दोपहर बाद करीब 2:30 बजे तक भी कोई प्रधान वार्ता के लिए उनके कार्यालय नहीं पहुंचा।
बीडीओ ने कहा कि विकास कार्यों तथा जनप्रतिनिधियों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए प्रशासन हमेशा सकारात्मक संवाद का पक्षधर रहा है और भविष्य में भी समन्वय के साथ कार्य किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!