अल्मोड़ा में भविष्य निधि और पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए शिविर
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने कर्मचारियों और नियोक्ताओं को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी

अल्मोड़ा, 27 अक्टूबर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की ओर से कुमाऊं मंडल विकास निगम के मोहन स्थित परिसर में ‘निधि आपके निकट’ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों और नियोक्ताओं को भविष्य निधि, पेंशन तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनी गईं। अधिकारियों ने शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई भी की।
शिविर में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त आकाश वर्मा तथा क्षेत्रीय प्रवर्तन अधिकारी आदित्य जोशी और शैलेश रॉय ने विभिन्न प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान भविष्य निधि खातों, पेंशन संबंधी मामलों, कर्मचारियों के नामांकन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई।
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त आकाश वर्मा ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना, विश्वास योजना तथा कर्मचारी नामांकन अभियान के उद्देश्यों, लाभों और प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों से पात्र कर्मचारियों का नियमानुसार नामांकन सुनिश्चित करने और भविष्य निधि तथा सामाजिक सुरक्षा संबंधी प्रावधानों का पालन करने को कहा।
उन्होंने बताया कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन का उद्देश्य कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ भविष्य निधि और पेंशन संबंधी सेवाओं को अधिक सुलभ बनाना है। इसके लिए कर्मचारियों और नियोक्ताओं को योजनाओं तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
शिविर में कर्मचारियों और प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं और विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया समझाई तथा आवश्यक मार्गदर्शन दिया। संगठन की ओर से बताया गया कि ‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों और नियोक्ताओं को स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं के समाधान और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है।

