धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

नंदानगर के सेरा गांव में श्रीरामचरितमानस अखंड पाठ शुरू

गोपेश्वर, 22 जून ( महिपाल गुसाईं)। लोकमंगल एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना के साथ नंदानगर विकासखंड के सेरा गांव स्थित हनुमान मंदिर में सोमवार से श्रीरामचरितमानस अखंड पाठ विधिवत आरंभ हो गया। इस धार्मिक आयोजन में समस्त ग्रामवासी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं।

अखंड पाठ से पूर्व रविवार को हनुमान मंदिर परिसर में पंचपूजा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। पूजा-अर्चना में गांव के सभी श्रद्धालु शामिल हुए। वेदपाठी पंकज पुरोहित, दामोदर प्रसाद, दीपक त्रिपाठी एवं सुजल तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंचपूजा संपन्न कराई।
सोमवार प्रातः श्रीरामचरितमानस के अखंड पाठ का शुभारंभ हुआ। ग्राम प्रधान रेखा गुसाईं के संयोजन में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के बारे में उन्होंने बताया कि गांव में नियमित अंतराल पर अखंड रामायण पाठ का आयोजन होता रहा है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी ग्रामीणों के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को अखंड पाठ की पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम का समापन होगा, जिसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। ग्राम प्रधान ने सभी श्रद्धालुओं एवं हनुमान भक्तों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आयोजन में गांव के सभी लोग बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं, जो सामुदायिक एकता और सामाजिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। मौसम को देखते हुए आयोजन में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
इस अवसर पर दरवान सिंह नेगी, गंगा सिंह बिष्ट, अवतार सिंह गुसाईं, विनोद सिंह गुसाईं, सुमित सिंह गुसाईं, संतोष गुसाईं, राजेंद्र सिंह नेगी, प्रकाश गुसाईं, बिमला देवी, तारा देवी, शारदा देवी, बीना देवी, बिछीं देवी, पार्वती देवी, देवेश्वरी देवी, सुशीला देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!