मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को परिजनों से मिलाया, पुलिस की तत्परता की सराहना
पोखरी, 25 जून (राणा)। कनकचौरी बाजार क्षेत्र में भटक रही एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को पोखरी पुलिस ने तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय सरोकारों का परिचय देते हुए सकुशल उसके परिजनों से मिलाया। पुलिस की इस सराहनीय पहल से एक परिवार की चिंता समाप्त हुई और क्षेत्र में पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ।
गुरुवार को स्थानीय लोगों ने थाना पोखरी को सूचना दी कि कनकचौरी बाजार में एक महिला अकेली भटक रही है तथा उसकी मानसिक स्थिति सामान्य प्रतीत नहीं हो रही है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंत ने तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजा। महिला की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस उसे अपने संरक्षण में लेकर थाना पोखरी पहुंची।
पूछताछ के दौरान महिला अपनी पहचान स्पष्ट रूप से नहीं बता सकी। उसने केवल इतना बताया कि वह जनपद रुद्रप्रयाग की निवासी है। महिला की मानसिक स्थिति को देखते हुए उसके परिजनों तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद पुलिस टीम ने आसपास के गांवों, स्थानीय लोगों तथा विभिन्न माध्यमों से संपर्क कर उसकी पहचान और परिजनों का पता लगाने के प्रयास जारी रखे।
कई घंटों की मेहनत और सूझबूझ के बाद पुलिस टीम महिला के पति तक पहुंचने में सफल रही। उन्हें तत्काल थाना पोखरी बुलाया गया, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया।
महिला के पति ने बताया कि उनकी पत्नी मानसिक रूप से अस्वस्थ है और बिना बताए घर से निकल गई थी। उसके अचानक लापता होने से पूरा परिवार चिंतित था और उसकी तलाश में जुटा हुआ था। पत्नी के सकुशल मिलने पर उन्होंने पोखरी पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस कार्य में अपर उपनिरीक्षक दलबीर सिंह नेगी, महिला होमगार्ड ममता देवी, होमगार्ड राकेश तथा होमगार्ड दिनेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस संवेदनशील पहल की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है।
